मोहम्मद अजीज का जन्म 2 जुलाई 1954 को कोलकाता में हुआ था। उनका पूरा नाम सैयद मोहम्मद अजीज-उन-नबी था। उन्हें बचपन से ही गाने का शौक था। वह मशहूर गायक मोहम्मद रफी के बड़े प्रशंसक थे और उनके गाने गाकर अपनी गायकी को बेहतर बनाते थे।
मोहम्मद अजीज को हिंदी फिल्मों में पहचान दिलाने में फिल्म ‘मर्द’ की अहम भूमिका रही। साल 1985 में रिलीज हुई इस फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे और इसका संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था।
अमिताभ बच्चन के साथ उनका जुड़ाव आगे भी जारी रहा। मोहम्मद अजीज की आवाज अमिताभ पर फिल्माए गए कई गानों में सुनाई दी। साल 1992 में आई फिल्म ‘खुदा गवाह’ में भी उन्होंने गाने गाए। इसके बाद अमिताभ की फिल्म ‘मृत्युदाता’ और साल 2001 में आई ‘एक रिश्ता : द बॉन्ड ऑफ लव’ में भी उनकी आवाज सुनाई दी। फिल्म ‘एक रिश्ता’ का गाना ‘हम खुश हुए’ उनके गाए गानों में शामिल है।
मोहम्मद अजीज ने दूसरे अभिनेताओं के लिए भी गाना गाया। फिल्म ‘राम लखन’ का गाना ‘माई नेम इज लखन’ अनिल कपूर पर फिल्माया गया था और इसे मोहम्मद अजीज ने गाया था। इस गाने में उनकी आवाज का जोश और अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।
उनकी गायकी का एक और खास पहलू था कि वह अलग-अलग तरह के गाने गा सकते थे। फिल्म ‘कर्मा’ का ‘ऐ सनम तेरे लिए’, ‘सिंदूर’ का ‘पतझड़ सावन बसंत बहार’, ‘सौदागर’ का ‘इमली का बूटा’, ‘हम’ का ‘कागज कलम दवात’ और ‘खुदा गवाह’ का ‘तू मुझे कबूल’ उनके यादगार गानों में शामिल हैं। उन्होंने लता मंगेशकर, आशा भोसले और कविता कृष्णमूर्ति जैसी गायिकाओं के साथ भी कई यादगार गाने गाए।
मोहम्मद अजीज ने सिर्फ हिंदी फिल्मों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने बंगाली और उड़िया फिल्मों के लिए भी गाने गाए। इसके अलावा भजन और सूफी गीतों को भी अपनी आवाज दी।
