नफीसा अली ने आईएएनएस संग बातचीत में खुलासा किया कि फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ की शूटिंग के दौरान वह स्टेज 3 कैंसर से जूझ रही थीं, लेकिन फिल्म निर्देशक पद्मकुमार नरसिम्हामूर्ति उर्फ पैडी ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। अभिनेत्री ने बताया कि आज भी उनकी कैंसर से लड़ाई जारी है और वह स्टेज 4 कैंसर का सामना कर रही हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए नफीसा अली ने बताया, ”जब मुझे फिल्म में काम करने का मौका मिला, उस समय मेरी सेहत ठीक नहीं थी। मैं स्टेज 3 कैंसर से जूझ रही थी और आज भी मेरी कैंसर से जंग जारी है। मेरे लिए खुद पर विश्वास बनाए रखना आसान नहीं था।
नफीसा ने कहा, ”मैंने इस फिल्म को सिर्फ एक प्रोजेक्ट की तरह नहीं देखा, बल्कि इसके पीछे छिपे संदेश को लोगों तक पहुंचाने का एक जरिया माना। जिंदगी कभी भी बदल सकती है और इसलिए लोगों को एक-दूसरे की देखभाल करनी चाहिए। बीमारी या मुश्किल समय किसी के भी जीवन में आ सकता है, इसलिए समाज में एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता होना बहुत जरूरी है।”
अभिनेत्री ने कहा, ”इंसान को हमेशा अच्छे काम के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। फिल्मों का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन करना नहीं होता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कोई अच्छी बात छोड़ना भी होता है। मैंने इसी सोच के साथ ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ का हिस्सा बनने का फैसला किया।”
फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी’ रिश्तों पर आधारित एक ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन पद्मकुमार नरसिम्हामूर्ति ने किया है। इस फिल्म में नफीसा अली के अलावा सिद्धार्थ मेनन, विधात्री बंदी, नासिर, मंदिरा बेदी और मेधा शंकर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
बांकीपुर उपचुनाव पहले वीणा मानवी गिरफ्तारी पर तेजप्रताप गरजे कोर्ट!



