भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का निर्णायक दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में भारत के छह बल्लेबाजों को सिर्फ 116 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया है।
पहली पारी में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल अपना खाता तक नहीं खोल सके और मैट हेनरी की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े।
पडिक्कल ने 20 गेंदों में 21 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 17 रन बनाकर आउट हुए। केएल राहुल 80 गेंदों का सामना करने के बाद 25 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने।
ऋषभ पंत ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। पंत 39 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर दिन की आखिरी गेंद पर 10 रन बनाने के बाद आउट हुए। ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। भारतीय टीम अभी भी न्यूजीलैंड के स्कोर से 240 रन पीछे है और टीम के महज 4 विकेट शेष हैं।
गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 2 विकेट निकाले। वहीं, काइल जेमीसन ने 33 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। मैट हेनरी और नाथन स्मिथ भी एक-एक विकेट चटकाने में सफल रहे।
इससे पहले, न्यूजीलैंड की पूरी टीम पहली पारी में 356 रन बनाकर सिमटी। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी टॉम ब्लंडेल ने खेली, जिन्होंने 89 रन बनाए और अपनी पारी के दौरान 10 चौके लगाए। कप्तान टॉम लाथम ने भी अहम योगदान देते हुए 59 रन जोड़े। इसके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 36 और डेवोन कॉनवे ने 31 रन बनाए।
भारत की तरफ से गेंदबाजी में आकाश दीप सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 99 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार ने न्यूजीलैंड के दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया।
