पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई की उठी मांग, 100 से ज्यादा गिरफ्तार

पुलिस का एक्शन, आंसू गैस के गोले दागे

पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई की उठी मांग, 100 से ज्यादा गिरफ्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जेल में बंद हुए तीन साल पूरे हो गए हैं। इसी के चलते बुधवार को पाकिस्तान में इमरान खान के समर्थन में और पाक सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) समर्थकों ने पूरे पाकिस्तान में रैलियां कीं। प्रदर्शन को बढ़ता देखकर रावलपिंडी में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे और इमरान खान के 100 से ज्यादा समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया।
इमरान खान के समर्थन में बड़ी रैली खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में हुई, जहां PTI सत्ता में है। पार्टी ने इमरान खान की रिहाई और उनके अधिकारों की बहाली की मांग की। पुलिस ने पाकिस्तान के पंजाब में, मियांवाली और रावलपिंडी में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और PTI के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। लाहौर में भी इमरान खान के समर्थन में प्रदर्शन हुए। यहां मॉल रोड पर, पुलिस ने खान की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स (RRF) को प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करते हुए देखा गया। रैली की कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों के साथ भी पुलिस के मारपीट किए जाने का आरोप है, जिसका मीडिया संगठनों ने भी कड़ा विरोध किया है। PTI पंजाब के महासचिव चौधरी बिलाल एजाज ने बताया कि लाहौर में गिरफ्तार किए गए 25 लोगों में पार्टी के पांच विधायक भी शामिल थे।
चौधरी बिलाल एजाज ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बताया, ‘दमन, उत्पीड़न और तानाशाही के इस दौर के बावजूद, पंजाब में PTI के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विरोध रैलियां कीं और इमरान खान के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।’ PTI के मुताबिक, मियांवाली, रावलपिंडी और पंजाब के अन्य हिस्सों में कम से कम 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पानो अकील में छह और कंधकोट में 15 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कराची में भी पुलिस ने सदर टाउन में विरोध कर रहे PTI समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया और 10 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें-

‘राम एक बुरे यहूदी थे’; एअर इंडिया कर्मचारी की पोस्ट से बवाल, बर्खास्तगी की उठी मांग

Exit mobile version