अमेरिका के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं की हत्या की साजिश रचने के आरोप में एक पाकिस्तानी नागरिक को दोषी ठहराया गया है। आरोपी ने चौंकाने वाला दावा किया था कि ईरानी खुफिया एजेंसी ने उसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, पूर्व राष्ट्रपति जो बायडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली की हत्या करने के लिए भर्ती किया था। आखिरकार 47 वर्षीय पाकिस्तानी आसिफ मर्चेंट को शुक्रवार (6 मार्च)को एक मामले में दोषी ठहराया गया, जिसमें अभियोजकों ने अमेरिकी धरती पर ईरान से जुड़े षड्यंत्र का खुलासा होने की बात कही है।
ब्रुकलिन की एक ज्यूरी ने सप्ताह भर चले मुकदमे के बाद 47 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को आतंकवाद और सुपारी लेकर हत्या की साजिश रचने के आरोप में दोषी ठहराया। उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। मुकदमे के दौरान मर्चेंट ने गवाही दी कि उसने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े एक संपर्क के निर्देशों पर यह हत्या की योजना बनाई थी। उसकी गवाही के अनुसार, हैंडलर ने संभावित लक्ष्यों के रूप में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उस समय के राष्ट्रपति जो बायडेन और 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने वाली संयुक्त राष्ट्र की पूर्व राजदूत निक्की हेली का नाम लिया था। हालांकि ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने से इनकार किया है।
अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने फैसले के बाद जारी बयान में कहा,“यह व्यक्ति राष्ट्रपति ट्रम्प को मारने की उम्मीद लेकर अमेरिकी जमीन पर आया था लेकिन, इसके बजाय उसे अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ताकत का सामना करना पड़ा।” मर्चेंट के वकील अब्राहम मॉस्कोविट्ज़ ने टिप्पणी के लिए किए गए अनुरोधों का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।
अदालती गवाही के अनुसार, मर्चेंट ने कपड़ा और वस्त्र व्यवसाय में आने से पहले कई दशकों तक पाकिस्तानी बैंकों में काम किया था। वह पाकिस्तान और ईरान दोनों जगह अपने परिवारों की देखभाल करता था और व्यापार के सिलसिले में समय-समय पर अमेरिका की यात्रा करता था।
मर्चेंट ने बताया कि अप्रैल 2024 में एक ईरानी हैंडलर ने उससे संपर्क किया और उसे अमेरिका जाने का निर्देश दिया, यह संकेत देते हुए कि उसे किसी की हत्या करनी पड़ सकती है। आगे गवाही देते हुए उसने कहा कि उसे तीन संभावित लक्ष्य दिए गए थे ट्रम्प, बायडेन और हेली। कथित साजिश के समय ट्रम्प और बायडेन 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के प्रमुख दावेदार थे, जबकि हेली एक महीने पहले ही चुनावी दौड़ से बाहर हो चुकी थीं।
यह भी पढ़ें:
पैरों की थकान को कहें अलविदा, अपनाएं ‘पिंडली शक्ति विकासक क्रिया’
घरेलू LPG 60 रुपये महंगी, कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी
IRINS देना के डूबने से पहले भारत ने दूसरे ईरानी जहाज को दिया था आश्रय
