पाकिस्तान द्वारा कब्जाए बलोचिस्तान प्रांत के चमन जिले के इशाकजई किला क्षेत्र में पोलियो टीकाकरण दल के साथ तैनात एक पुलिस अधिकारी गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, पोलियो टीम के अन्य सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार (24 मई) को अज्ञात हमलावरों ने पोलियो टीम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी पर गोलीबारी की। घायल पुलिस अधिकारी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमले के तुरंत बाद पोलियो टीकाकरण दल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान दुनिया के ऐसे दो देश हैं, जहां अब भी वाइल्ड पोलियो वायरस मौजूद है। खासकर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान क्षेत्रों में पोलियो अभियान से जुड़े कर्मियों पर बार-बार हमले होते रहे हैं।
18 मई को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर जिले में पोलियो टीकाकरण टीमों को सुरक्षा दे रहे कम से कम दो पुलिसकर्मियों की अलग-अलग हमलों में मौत हो गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने सलारजई के तब्बाई और दाग किला क्षेत्रों में पोलियो टीमों को निशाना बनाया था।
इससे पहले अप्रैल में भी खैबर पख्तूनख्वा के हंगु जिले में पोलियो टीमों की सुरक्षा के लिए जा रहे पुलिस दल पर हमला हुआ था। इस हमले में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे।
यह घटना 13 अप्रैल को हंगू जिले की थल तहसील में चल रहे पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान हुई थी। हंगू जिला पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने पुलिस दल पर अचानक गोलीबारी की थी।
इससे पहले फरवरी में भी चमन जिले में पोलियो टीकाकरण टीम के साथ तैनात एक पुलिस अधिकारी की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें:
ईरान शांति समझौते के बाद ट्रंप का पाकिस्तान पर अब्राहम अकॉर्ड्स में शामिल होने के लिए दबाव
बीजेडी को बड़ा झटका, सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी छोड़ी, इस्तीफा दिया!
परिणीति चोपड़ा ने दिखाया हेल्दी लिट्टी-चोखा, मां बनने बाद बदली लाइफस्टाइल!



