उष्ट्र’ का अर्थ होता है ‘ऊंट’ और अर्ध का अर्थ होता है ‘आधा’। इस आसन को करते समय शरीर की आकृति आधे झुके हुए ऊंट के समान बनती है, इसलिए इसे अर्ध उष्ट्रासन कहा जाता है। देखने में सरल इस आसन को करने से बहुत लाभ मिलते हैं।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने इस आसन को करने के फायदे बताए हैं। उनके अनुसार, यह आसन ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है, जिससे शरीर के सभी अंगों को पर्याप्त खून और ऑक्सीजन मिलती है और शरीर तरोताजा और ऊर्जावान महसूस करता है।
यह न सिर्फ रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है, बल्कि सीने को खोलकर सांस लेने की क्षमता को भी बेहतर बनाता है।
इसके अलावा, अर्ध उष्ट्रासन कब्ज और कमर दर्द से राहत देने में भी मददगार है। जब हम इस आसन का नियमित अभ्यास करते हैं, तो पेट की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं और पाचन तंत्र मजबूत होता है। इससे कब्ज जैसी समस्याएं दूर होती हैं और पेट हल्का महसूस होता है।
अर्ध उष्ट्रासन के नियमित अभ्यास से पीठ और गर्दन की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इस आसन को करने के दौरान रीढ़ की हड्डी पीछे की तरफ स्ट्रेच होती है। इससे रीढ़ के आसपास की छोटी-बड़ी सभी मांसपेशियों में खिंचाव आता है और उनमें ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है।



