प्रधानमंत्री मोदी ने की सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर के विशेष पैकेज की घोषणा

‘विजन महासागर’ को मिलेगा नया बल

प्रधानमंत्री मोदी ने की सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर के विशेष पैकेज की घोषणा

Prime Minister Modi announced a special package of $175 million for Seychelles.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (9 फरवरी) को सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद सेशेल्स के लिए 175 मिलियन अमेरिकी डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की। यह पैकेज सामाजिक आवास, ई-मोबिलिटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा से जुड़े परियोजनाओं को समर्थन देने के लिए तैयार किया गया है। राष्ट्रपति हरमिनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा, “भारत-सेशेल्स संबंधों की मजबूत नींव विकास सहयोग रही है। हमारे प्रयास सेशेल्स की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं पर आधारित रहे हैं। इसी दिशा में आज हम 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहे हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सहयोग दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।

राष्ट्रपति हरमिनी की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत ‘विजन महासागर’ (Vision Mahasagar) को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहा है। यह रणनीति 2015 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रस्तुत ‘विजन सागर’ का विस्तारित और वैश्विक रूप है, जिसमें विशेष रूप से ग्लोबल साउथ पर ध्यान केंद्रित किया गया है। भारत का मानना है कि हिंद महासागर क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि, स्थिरता और सुरक्षा के लिए द्वीपीय देशों के साथ गहरा सहयोग आवश्यक है।

इससे पहले दिन में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राष्ट्रपति हरमिनी से मुलाकात की। जयशंकर ने कहा कि भारत एक समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स के समर्थन को महत्व देता है, जो क्षेत्रीय आर्थिक समृद्धि और सुरक्षा के लिए ‘विजन महासागर’ को आगे बढ़ाने में सहायक है।

राष्ट्रपति हरमिनी दिल्ली पहुंचने से पहले चेन्नई और मुंबई में कई बहु-क्षेत्रीय कार्यक्रमों में शामिल हुए। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इन दोनों शहरों में उन्होंने शासन, उद्योग, तटीय प्रबंधन और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों से बातचीत की। चेन्नई में सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्री मार्विन नोलन फैनी के साथ उन्होंने सिम्स अस्पताल के चेयरमैन रवि पचमुत्थु से मुलाकात की, जहां सेशेल्स में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक और टिकाऊ सहयोग पर चर्चा हुई। इसमें सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल आउटरीच, अस्पताल अवसंरचना विकास, डिजिटल हेल्थ, स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, सस्ती दवाइयों की उपलब्धता और डायलिसिस सेवाओं का विस्तार शामिल है।

मुंबई में राष्ट्रपति हरमिनी ने केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से मुलाकात की और भारत-सेशेल्स बिजनेस राउंडटेबल में भाग लिया। यहां समुद्री व्यापार, ब्लू इकॉनमी और सतत विकास के क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सोनोवाल ने कहा कि भारत का सेशेल्स के साथ जुड़ाव ‘महासागर विजन’ से निर्देशित है, जो हिंद महासागर क्षेत्र में आर्थिक सहयोग, स्थिरता और सुरक्षा पर केंद्रित है।

यह भी पढ़ें:

डॉलर की कमजोरी और भू-राजनीतिक तनावों से सोने-चांदी की कीमतों में आई तेज उछाल!

कश्मीरी कैदी ने संदिग्ध आतंकी को उतारा मौत के घाट; राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने वाले की मौत

मुंबई उच्च न्यायलय: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में पहले आरोपी को मिली जमानत

शरद पवार पुणे के अस्पताल में भर्ती, हालत पर नजर

Exit mobile version