विवादित बयान को लेकर राजा सिंह गिरफ्तार

भाजपा विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोगों ने तन से जुदा के नारे लगाए

विवादित बयान को लेकर राजा सिंह गिरफ्तार

मुहम्मद पैगंबर पर टिप्पणी करने के बाद भाजपा से निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा पर विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब तेलंगाना में भाजपा विधायक टी राजा सिंह की भी विवादित टिप्पणी सामने आने के बाद पुनः विवाद बढ़ गया। आरोप है कि भाजपा विधायक ने पैगंबर मुहम्मद को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की है। विवादित टिप्पणी आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने साउथ जोन डीसीपी (सहायक पुलिस उपयुक्त) कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए हैं। देर रात बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा विधायक के खिलाफ प्रदर्शन कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। तन से जुदा के नारे लगाए। जिसके बाद हैदराबाद पुलिस ने टी राजा को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया।

पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इन प्रदर्शनकारियों ने भाजपा विधायक पर आरोप लगाते हुए एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल विधायक राजा सिंह के खिलाफ धारा 295 (ए), 153 (ए) और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

बता दें कि भाजपा विधायक टी राजा सिंह की तरफ से हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया गया था। इस वीडियो में उन्होंने पैगंबर मुहम्मद पर कथित तौर से टिप्पणी की थी। उनका यह पोस्ट वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते देर रात में दबीरपुरा, भवानी नगर, मिचौक, रेनबाजार में लोग पुलिस स्टेशनों में पहुंच कर प्रदर्शन करने लगे।

आरोप यह भी है कि टी राजा सिंह ने कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को भी कथित तौर पर धमकी दी थी। जिसके बाद उन्होंने उनके शो को रद्द करने की मांग की थी। लेकिन जब टी राजा मुनव्वर फारूकी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे उसी दरम्यान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।

यह भी देंखें

पात्रा चाल घोटाला: गवाह स्वप्ना पाटकर से ईडी आज करेगी पूछताछ​ ​ 

Exit mobile version