रूस के कामचटका में तीव्र भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी!

जुलाई में इसी इलाके में 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था

रूस के कामचटका में तीव्र भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी!

/russia-kamchatka-earthquake-tsunami-alert

रूस के पूर्वी तटवर्ती इलाके कामचटका प्रायद्वीप में शनिवार (13 सितंबर) को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके बाद क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। यह भूकंप का झटका समुद्र में आया था और इसका केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क कामचाट्स्की से लगभग 111 किलोमीटर पूर्व में स्थित रहा। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने इस भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर बताई है, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे 39.5 किलोमीटर गहराई पर दर्ज किया और इसकी तीव्रता 7.4 बताई।

सुनामी अलर्ट

पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने चेतावनी दी कि इस भूकंप से सुनामी की लहरें उठ सकती हैं। कामचटका के कई तटीय इलाकों में चार मीटर तक ऊँची लहरें देखी गईं। प्रशासन ने सेवेरो-कुरिल्स्क जैसे कस्बों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों को समुद्री तटों से तुरंत दूर जाने की अपील की गई है।

जापान के मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल जापान में सुनामी का कोई खतरा नहीं है। वहीं जापानी चैनल एनएचके ने भी जानकारी दी कि इस भूकंप के बाद जापान में अलर्ट जारी नहीं किया गया।

पहले भी आ चुका है शक्तिशाली भूकंप

कामचटका प्रायद्वीप विश्व के सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। इससे पहले जुलाई में इसी इलाके में 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके चलते जापान, अमेरिका और प्रशांत महासागर के कई द्वीप देशों (हवाई, चिली, कोस्टा रिका समेत) में सुनामी का अलर्ट जारी करना पड़ा था।

इतिहास में इस क्षेत्र में 1952 में 9.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जो अब तक दर्ज किए गए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है।

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि अब तक इस भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, तटीय इलाकों में हाई अलर्ट है और आपदा प्रबंधन टीमें लगातार हालात की निगरानी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें:

सिर्फ चार दिन जंक फूड खाने से कमजोर हो सकती है याददाश्त: अमेरिकी शोध

नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की; युवा नेता सुदन गुरुंग ने पांव छूकर लिया आशीर्वाद!

घरेलू नुस्खे और इस जीवनशैली से रखें आवाज़ व कंठ का ख्याल

Exit mobile version