स्पेन में बुधवार दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में 68 लोगों की मौत के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया है। सैकड़ों लोगों ने राजधानी मैड्रिड में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के इस्तीफे की मांग की है। कुछ लोगों ने उन्हें ‘मौत का मंत्री’ तक कहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। लोगों ने पुलिस पर बोतलें और पटाखे फेंके। वहीं पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए बल का प्रयोग किया।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक रेल सुरक्षा सिस्टम में खराबी आई थी जिसके बाद कंट्रोल सेंटर ने एक ट्रेन को दोबारा चलने की इजाजत दी। आगे पटरी पर खड़ी दूसरी ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। लेकिन सिग्नल सिस्टम की खराबी ही हादसे की असली वजह थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने भी कहा है कि जांच के बाद हादसे की असली वजह सामने आएगी और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।
हादसे के बाद देश की रेल व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। इस साल स्पेन में हुआ यह दूसरा बड़ा रेल हादसा है, जिसमें लोगों की जान गई है। इसके पहले जनवरी में हुए हादसे में 46 लोगों ने जान गंवाई थी। उस समय पटरी के जोड़ में खराबी के कारण ट्रेन पटरी से उतर गई थी।
यह भी पढ़ें-



