भारत के 22 वर्षीय स्केटर आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन के बेइदाइहे में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने सीनियर पुरुषों की 1,000 मीटर स्प्रिंट रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1:24.924 मिनट का समय दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि भारत के लिए इस चैंपियनशिप में पहला गोल्ड है, जो देश के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर आनंदकुमार को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1,000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके धैर्य, गति और जोश ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बनाया है। उनकी उपलब्धि अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी। आनंदकुमार को बधाई और भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”
इससे पहले आनंदकुमार ने 500 मीटर स्प्रिंट में भी शानदार प्रदर्शन किया था और 43.072 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया था। यह भी भारत का पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल था, जिससे साफ है कि आनंदकुमार लगातार नए कीर्तिमान गढ़ रहे हैं।
भारत की उपलब्धियों में और इजाफा करते हुए जूनियर कैटेगरी में भी सफलता मिली है। युवा स्केटर कृष शर्मा ने जूनियर पुरुष 1,000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण पदक जीता। इस तरह भारत ने इस चैंपियनशिप के 1,000 मीटर स्प्रिंट में सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में गोल्ड हासिल कर दुनिया को चौंका दिया है।
तमिलनाडु के रहने वाले आनंदकुमार वेलकुमार खेल के साथ पढ़ाई में भी उत्कृष्ट हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनका ऐतिहासिक गोल्ड मेडल का सफ़र भारत के लिए गर्व का क्षण है, जिससे स्पीड स्केटिंग जैसे अपेक्षाकृत कम लोकप्रिय खेल में भी भारत को नई पहचान भी दिला रहा है।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तानी सिंधु नदी पर बड़े बांध का विरोध क्यों कर रहे हैं?
मसूड़ों से खून आना शरीर की गंभीर अंदरूनी बीमारियों का संकेत!



