अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को टेस्ट क्रिकेटरों की रैंकिंग जारी की। गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है।
बांग्लादेश के खिलाफ हाल में संपन्न टेस्ट सीरीज में मिचेल स्टार्क ने 12 विकेट लिए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। इसी प्रदर्शन की बदौलत आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में स्टार्क ने 2 स्थान की छलांग लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
जसप्रीत बुमराह इंजरी की वजह से श्रीलंका के खिलाफ भारत की 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। इसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा है। वह एक स्थान नीचे खिसक कर दूसरे नंबर पर चले गए हैं।
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वह तीसरे स्थान पर आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह चौथे स्थान पर आ गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन एक स्थान के नुकसान के साथ पांचवें, दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा एक स्थान के फायदे के साथ छठे, ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड एक स्थान के नुकसान के साथ सातवें स्थान पर हैं। पाकिस्तान के नोमान अली आठवें, ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड नौवें और ऑस्ट्रेलिया के ही नाथन लियोन दो स्थान उपर चढ़कर दसवें स्थान पर आ गए हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ओली रॉबिनसन और जोश टंग को फायदा हुआ है। रॉबिनसन 15 स्थान की छलांग लगाकर 11वें और टंग 16 स्थान की छलांग लगाकर 17वें स्थान पर आ गए हैं।
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग पर नजर डालें तो शीर्ष पांच में बदलाव नहीं है। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक पहले, इंग्लैंड के जो रूट दूसरे, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड चौथे और दक्षिण अफ्रीका के टेंबा बावुमा पांचवें स्थान पर हैं।
भारत के रवींद्र जडेजा 2 स्थान उपर चढ़कर छठे, ऋषभ पंत 6 स्थान की छलांग लगाकर सातवें, शुभमन गिल आठवें, न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल तीन स्थान की छलांग लगाकर नौवें और पाकिस्तान के बाबर आजम दसवें स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें-
