आयुर्वेद में इलायची को औषधीय गुणों का खजाना माना जाता है। यह न सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाती है, बल्कि गर्मी से होने वाली परेशानियों से भी राहत दिलाती है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, रोजाना इलायची का सेवन कई आम बीमारियों में आराम पहुंचाता है। गर्मियों में सबसे ज्यादा समस्या अपच, एसिडिटी और मुंह के छालों की होती है। खाना खाने के बाद एक इलायची मुंह में रखकर चबाने से पेट की हाइपर एसिडिटी कंट्रोल हो जाती है। खट्टी डकारें, सीने में जलन और भारीपन जैसी शिकायतें दूर होती हैं।
मुंह के छालों की समस्या भी गर्मियों में बढ़ जाती है। इलायची को मिश्री के साथ मिलाकर चबाने से छालों में जलन और दर्द कम होता है व छाले जल्दी ठीक हो जाते हैं। इलायची हिचकी रोकने में भी बहुत कारगर है। अगर हिचकी बार-बार आ रही हो तो एक इलायची चबाएं या इसका पाउडर पानी के साथ लें। हिचकी तुरंत बंद हो जाएगी।
इलायची का सेवन कई आसान तरीकों से किया जा सकता है। इसे चाय में डालकर, दूध में उबालकर या सीधे चबाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। गर्मियों में इलायची वाली चाय या दूध पीना शरीर को ठंडक पहुंचाता है और पाचन तंत्र को मजबूत रखने के साथ ही तनाव को भी दूर करता है।
एक्सपर्ट्स की सलाह है कि गर्मी के मौसम में रोजाना 1-2 इलायची का सेवन जरूर करें। यह छोटी-सी आदत पेट, गला और मुंह की कई परेशानियों को जड़ से दूर रख सकती है, हालांकि गंभीर समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।
गुजरात: ‘गिफ्ट सिटी’ भारत का पहला वैश्विक वित्तीय और आईटी हब बनकर उभरा!



