एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X आज (28 सितंबर) पहली बार स्टारशिप रॉकेट को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचाने की कोशिश करेगी। स्टारशिप अब तक 13 बार उड़ान भर चुका है, लेकिन ये सभी उड़ानें पृथ्वी की कक्षा से नीचे रही हैं। अब रॉकेट की 14वीं उड़ान में इसे कक्षा तक पहुंचाने की कोशिश होगी। इस उड़ान में स्टारशिप कई स्टारलिंक सैटेलाइट भी अंतरिक्ष में ले जाएगा। मिशन सफल होने पर यह स्पेस-X के लिए बड़ा कदम होगा।
Starship’s 14th flight is set to launch on Monday, Sept 28. The 75-minute launch window opens at 7:15 a.m. CT. Live coverage of the mission starts ~35 minutes before launch → https://t.co/uQKQvgaTmJ
— SpaceX (@SpaceX) September 27, 2026
कब लॉन्च होगी स्टारशिप की 14वीं उड़ान?
भारतीय समय के अनुसार स्टारशिप की लॉन्च विंडो आज शाम 5:45 बजे से शुरू होगी। स्पेस-X के पास रॉकेट को लॉन्च करने के लिए कुल 75 मिनट का समय होगा। इस दौरान मौसम और तकनीकी स्थिति सही रहने पर किसी भी समय उड़ान भरी जा सकती है। लॉन्च साउथ टेक्सास स्थित स्पेस-X के स्टारबेस से होगा। कंपनी लॉन्च से करीब 30 मिनट पहले लाइव कवरेज शुरू करेगी, जिसे दर्शक ऑनलाइन देख सकेंगे।
छह बार पृथ्वी का चक्कर लगाएगा
इस उड़ान को खास इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि स्टारशिप पहली बार पृथ्वी की कक्षा में जाने की कोशिश करेगा। उड़ान के दौरान शिप पृथ्वी के छह चक्कर लगाएगा और लगभग 10 घंटे बाद चिली के तट के पास प्रशांत महासागर में उतरने की योजना है। इस मिशन में स्पेस-X के 26 स्टारलिंक सैटेलाइट भी भेजे जाएंगे। वहीं सुपर हैवी बूस्टर लॉन्च के करीब सात मिनट बाद मैक्सिको की खाड़ी में उतरने की कोशिश करेगा।
चांद और मंगल मिशन के लिए अहम
स्टारशिप को इंसानों को चांद और मंगल तक पहुंचाने के लिए तैयार किया जा रहा है। यह रॉकेट दोबारा इस्तेमाल किए जाने के लक्ष्य के साथ बनाया गया है। नासा ने आर्टेमिस कार्यक्रम के लिए स्टारशिप को चांद पर इंसानों को उतारने वाले लैंडर के रूप में चुना है। हालांकि, अभी इसे कई और जरूरी परीक्षणों से गुजरना है। आगे भी ईंधन भरने, सुरक्षा और इंसानों की उड़ान से जुड़ी तकनीकों का परीक्षण अभी बाकी है।
यह भी पढ़ें-
