छत्रपति संभाजी महाराज को लेकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों युवकों ने महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी। घटना के बाद दोनों के खिलाफ छत्रपति संभाजीनगर के सिटी चौक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जोहेब शोएब पठान और तौफीक अहमद इदरीस ने अभिनेता विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ का पोस्टर पकड़कर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, दोनों के खिलाफ कारवाई की मांग उठने लगी। शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इसी तरह की एक अन्य घटना मुंबई में भी सामने आई, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने पर एक 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अरबाज खान के रूप में हुई है। मुंबई के विक्रोली इलाके में पार्कसाइट पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया और उसे हिरासत में ले लिया। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।