बांग्लादेश को अमेरिका के साथ नए द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बड़ी राहत मिली है। अमेरिका ने बांग्लादेश से होने वाले आयात पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही अमेरिका में तैयार किए गए कच्चे माल से बने कुछ चुनिंदा बांग्लादेशी वस्त्र और परिधान उत्पादों को शून्य शुल्क पर पहुंच देने पर भी सहमति बनी है। इस समझौते की जानकारी बांग्लादेश के अंतरिम मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार (9 फरवरी)को दी।
मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “वाशिंगटन ने अमेरिकी सामग्री से बने चुनिंदा बांग्लादेशी परिधानों को शून्य टैरिफ पहुंच देने के लिए एक मार्ग बनाने की प्रतिबद्धता जताई है।”
अप्रैल में अमेरिका ने बांग्लादेशी निर्यात पर 37 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा था, जिससे ढाका में चिंता बढ़ गई थी। इसके बाद अगस्त में गहन बातचीत के बाद बांग्लादेश टैरिफ को घटाकर 20 प्रतिशत कराने में सफल रहा। अब नए समझौते के तहत इसे और कम कर 19 प्रतिशत कर दिया गया है।
ढाका से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस समझौते पर बांग्लादेश की ओर से वाणिज्य सलाहकार शेख बशीर उद्दीन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार खलीलुर रहमान ने हस्ताक्षर किए, जबकि अमेरिका की ओर से अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि एंबेसडर जेमीसन ग्रीर ने दस्तखत किए। बयान में कहा गया है कि ग्रीर ने समझौते को अंतिम रूप देने के लिए यूनुस और उनकी टीम की सराहना की।
बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था में रेडीमेड गारमेंट्स सेक्टर रीढ़ की हड्डी माना जाता है। यह देश की कुल निर्यात आय का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा देता है। इस क्षेत्र में लगभग 40 लाख लोग काम करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या ग्रामीण और निम्न-आय वर्ग की महिलाओं की है। यह सेक्टर देश के सकल घरेलू उत्पाद में करीब 10 प्रतिशत का योगदान देता है।
उद्योग जगत के नेताओं का कहना है कि कम टैरिफ दर से अमेरिकी बाजार में बांग्लादेशी उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता बनी रहेगी, क्योंकि अमेरिका बांग्लादेश के सबसे बड़े निर्यात गंतव्यों में से एक है। हाल के वर्षों में कई फैक्ट्रियां बढ़ती उत्पादन लागत, ऊर्जा कीमतों में इजाफा, मुद्रा अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की कड़ी अनुपालन शर्तों के कारण दबाव में रही हैं।
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ भी एक व्यापार समझौते की घोषणा की थी, जिसके तहत भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया।
वहीं इस समझौते में अमेरिका को बांग्लादेश के कृषि बाजार में गेहूं, मकई, सोयाबीन के लिए मुक्त पहुंच मिली है। इसके अलावा अमेरिकी एविएशन, वाहन के क्षेत्र में मुक्त पहुंच मिली है।
यह भी पढ़ें:
प्रधानमंत्री मोदी ने की सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर के विशेष पैकेज की घोषणा
एम्स को ग्लोबल हॉस्पिटल ब्रांड रैंकिंग में छठा स्थान, रिसर्च और केयर स्कोर में शानदार प्रदर्शन!
आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की 3 मांगें ठुकराई: रिपोर्ट!



