उस्मान तारिक से निपटने के लिए अभिषेक शर्मा की तैयारी; कप्तान सूर्य कर रहें मदद

उस्मान तारिक से निपटने के लिए अभिषेक शर्मा की तैयारी; कप्तान सूर्य कर रहें मदद

Abhishek Sharma prepares to tackle Usman Tariq; Captain Surya is helping.

भारत और पाकिस्तान के बीच ICC T20 विश्व कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले भारतीय टीम ने तैयारी तेज कर दी है। कोलंबो में होने वाले इस अहम मैच से पहले फोकस खास तौर पर पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक की चुनौती से निपटने पर है, जिसके लिए भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा को प्रैक्टिस करते हुए देखा गया।

सूर्यकुमार यादव ने नेट्स में खुद गेंदबाजी कर बल्लेबाजों को उस्मान की अनोखी गेंदबाजी शैली के लिए तैयार करने की कोशिश की। ICC  द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में सूर्यकुमार को रिंकू सिंह को गेंदबाजी करते हुए देखा गया, जहां उन्होंने डिलीवरी से पहले हल्का विराम लेकर उस्मान के खास रिदम की नकल करने की कोशिश की।

हालांकि यह हूबहू नकल नहीं थी, लेकिन इससे साफ संकेत मिला कि टीम इंडिया पाकिस्तान की स्पिन रणनीति को समझने और उसका तोड़ निकालने के लिए विशेष अभ्यास कर रही है। ओपनर अभिषेक शर्मा और अन्य बल्लेबाजों ने भी नेट्स में ऐसे गेंदबाजों का सामना किया जिनकी एक्शन और गति उस्मान से मिलती-जुलती है।

उस्मान तारिक की खास शैली पर नजर

28 वर्षीय Usman Tariq अपनी साइडआर्म एक्शन और गेंद फेंकने से पहले रुकने की शैली के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 7.90 की औसत से 11 विकेट लिए हैं, जिसमें एक चार विकेट हॉल भी शामिल है। मौजूदा विश्व कप में उन्होंने अमेरिका के खिलाफ चार ओवर में 3/27 का प्रभावी प्रदर्शन किया।

उनकी गेंदबाजी एक्शन को लेकर चर्चा के बीच पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आग़ा ने कहा, “आप सबने उस्मान तारिक को बड़ा नाम बनाया है। हमारे लिए सभी 15 खिलाड़ी ज़रूरी हैं। वह अच्छी बॉलिंग कर रहा है। आप पक्का कह सकते हैं कि वह हमारे लिए ट्रंप कार्ड है। उसे ICC ने क्लियर कर दिया है, इसलिए मुझे समझ नहीं आता कि हर कोई उसके बारे में क्यों बात कर रहा है। उस्मान पर इन चीज़ों का कोई असर नहीं होता। वह ठीक है। उसे इन चीज़ों की परवाह नहीं है।”

सूर्यकुमार यादव ने उस्मान तारिक पर कहा, “देखिए, कभी-कभी एग्जाम में ऐसा सवाल भी होता है, जो सिलेबस से बाहर का होता है। तो, हम उस सवाल को छोड़ नहीं सकते। उससे निपटने के लिए, आपको कुछ कोशिश करनी होगी। आपको अपना तरीका अपनाना होगा। और हम भी वही कोशिश करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हाँ, जब वह (उस्मान तारिक) बॉलिंग करने आता है तो एक अलग तरह का होता है। लेकिन साथ ही, हम हार नहीं मान सकते। हम एक जैसे बॉलर्स और एक जैसे एक्शन के साथ प्रैक्टिस करते हैं। और हम मैच के दौरान नेट सेशन में जो प्रैक्टिस कर रहे हैं, उसे करने की कोशिश करेंगे।”

पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण में अबरार, उस्मान, सलमान, नवाज और सैम जैसे विकल्प शामिल हैं, जो मध्य ओवरों में मैच का रुख बदल सकते हैं। इस टूर्नामेंट में भारत को स्पिन के खिलाफ कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा है—अमेरिका के खिलाफ आठ ओवर में 42 रन पर तीन विकेट और नामीबिया के खिलाफ आठ ओवर में 61 रन पर पांच विकेट गंवाए थे।

ऐसे में कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला रणनीति और धैर्य की कड़ी परीक्षा साबित हो सकता है, जहां स्पिन की जंग परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

यह भी पढ़ें:

सलमान खान की मदद से राजपाल यादव की रिहाई का दावा झूठा! क्या है वायरल वीडिओ का सच ?

IPO आने से ठीक पहले स्काईवेज एयर सर्विसेज दाखिल हुई धोखाधड़ी की FIR

भारत में बनेगी पहली जलमग्न सड़क-रेल सुरंग, ₹18,662 करोड़ के मेगा कॉरिडोर को मिली मंजूरी

 

Exit mobile version