दिल्ली में जुटेंगे QUAD देशों के विदेश मंत्री, हिंद-प्रशांत और चीन की आक्रामकता पर होगी चर्चा

भारत की मेजबानी में 26 मई को अहम बैठक, अमेरिका-जापान-ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री होंगे शामिल

दिल्ली में जुटेंगे QUAD देशों के विदेश मंत्री, हिंद-प्रशांत और चीन की आक्रामकता पर होगी चर्चा

Foreign ministers of Quad countries will gather in Delhi to discuss the Indo-Pacific and China's aggression.

भारत अगले सप्ताह QUAD देशों के विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी करने जा रहा है। जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार (22 मई) को घोषणा की कि QUAD समूह के विदेश मंत्री 26 मई को नई दिल्ली में बैठक करेंगे। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष राजनयिक हिस्सा लेंगे।

जापान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी सोमवार (25 मई)से तीन दिन की भारत यात्रा पर आएंगे और QUAD बैठक में भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्री  एस जयशंकर करेंगे।

इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग भी पुष्टि कर चुका है कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस बैठक में शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक रुबियो स्वीडन में नाटो विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के बाद 23 मई से चार दिन के भारत दौरे पर रहेंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग भी नई दिल्ली पहुंचेंगी।

नई दिल्ली में होने वाली यह बैठक ऐसे समय में आयोजित हो रही है, जब हाल के महीनों में QUAD समूह के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अमेरिकी नेतृत्व की प्राथमिकताओं को लेकर उठे सवालों के बीच इस बैठक को समूह की एकजुटता और रणनीतिक महत्व के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया से मिलकर बना QUAD समूह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और रणनीतिक संतुलन बनाए रखने पर केंद्रित है। पिछले कुछ वर्षों में यह मंच चीन की बढ़ती सैन्य और सामरिक गतिविधियों के संदर्भ में अधिक अहम माना जाने लगा है।

बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, तकनीकी सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के वैश्विक प्रभावों पर भी विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामक गतिविधियां QUAD देशों की प्रमुख चिंता बनी हुई हैं। दक्षिण चीन सागर, ताइवान जलडमरूमध्य और समुद्री मार्गों पर बढ़ते तनाव के बीच यह बैठक रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने अमेरिकी, जापानी और ऑस्ट्रेलियाई समकक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं। इन बैठकों में रक्षा सहयोग, व्यापार, तकनीक और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत इस समय QUAD का मौजूदा अध्यक्ष है और नई दिल्ली में होने वाली यह बैठक वैश्विक भू-राजनीतिक हालात के बीच समूह की दिशा और भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दे सकती है।

यह भी पढ़ें:

अदालत को निशाना बनाने वाले पत्रकार सौरव दास और केजरीवाल के खिलाफ अवमानना याचिका

“सुप्रीम कोर्ट के आदेश को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही AAP सरकार,कोर्ट ने सामूहिक हत्या की अनुमति नहीं दी”

सहारनपुर में धरना पड़ा भारी: सपा सांसद इकरा हसन पर गंभीर धाराओं में FIR दर्ज

Exit mobile version