भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) रविवार (2 नवंबर)शाम देश का अब तक का सबसे भारी संचार उपग्रह CMS-03 (GSAT-7R) लॉन्च करने जा रहा है। यह अत्याधुनिक उपग्रह विशेष रूप से भारतीय नौसेना की संचार और समुद्री निगरानी क्षमताओं को सुदृढ़ करने के लिए विकसित किया गया है।
यह लॉन्च आज शाम 5:26 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से किया जाएगा। लॉन्च कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ISRO के आधिकारिक YouTube चैनल पर किया जाएगा।
CMS-03 का वजन लगभग 4,400 किलोग्राम है, जो इसे भारत का अब तक का सबसे भारी संचार उपग्रह बनाता है। इस उपग्रह में कई स्वदेशी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें विशेष रूप से भारतीय नौसेना की परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा, “यह उपग्रह भारत का अब तक का सबसे भारी संचार उपग्रह है, जिसमें नौसेना की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीकें शामिल हैं। यह हमारी समुद्री क्षेत्रीय जागरूकता और अंतरिक्ष आधारित संचार क्षमता को नई दिशा देगा।”
इस मिशन के लिए इसरो अपने सबसे शक्तिशाली रॉकेट LVM3 (Launch Vehicle Mark-3) का इस्तेमाल कर रहा है। यही रॉकेट भारत के ऐतिहासिक चंद्रयान-3 मिशन में भी उपयोग किया गया था, जिसने भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बनाया था। यह LVM3 का पांचवां परिचालन उड़ान (operational flight) होगा।ISRO के अनुसार,“CMS-03 को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में स्थापित किया जाएगा। यह भारतीय धरती से लॉन्च होने वाला अब तक का सबसे भारी संचार उपग्रह होगा।”
रॉकेट की ऊंचाई 43.5 मीटर है और इसका कुल लिफ्ट-ऑफ वजन 642 टन है। यह तीन चरणों वाले प्रणोदन तंत्र (propulsion stages) से लैस है, जो उपग्रह को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट तक पहुंचाने में मदद करेगा।
लॉन्च वाहन के 8 मुख्य अनुक्रम (sequences) होंगे, जिनमें अंतिम चरण में CMS-03 को लगभग 179 किलोमीटर की ऊंचाई और 10 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति पर रॉकेट से अलग किया जाएगा।
इस उपग्रह के सफल प्रक्षेपण से भारत की समुद्री सुरक्षा, रक्षा संचार, और रणनीतिक नेटवर्किंग क्षमताएं अभूतपूर्व रूप से मजबूत होंगी। CMS-03 के माध्यम से भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र और आस-पास के समुद्री इलाकों में वास्तविक समय संचार, डेटा शेयरिंग और निगरानी कार्यों को अधिक सटीकता से अंजाम दे सकेगी।
यह भी पढ़ें:
केन विलियमसन ने टी20 क्रिकेट को कहा अलविदा, अब टेस्ट और वनडे पर होगा फोकस
मेक्सिको के सुपरमार्केट में भीषण धमाका, बच्चों समेत 23 लोगों की मौत
