11 अक्टूबर 2026 को मध्य रेल द्वारा विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक संचालित किया जाएगा। इसका असर मुख्य लाइन और हार्बर लाइन की लोकल सेवाओं पर पड़ेगा। यात्रियों से अपील है कि वे यात्रा से पहले समय-सारणी की जानकारी जरूर जांच लें।
मुख्य लाइन पर माटुंगा और मुलुंड के बीच अप और डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान CSMT से सुबह 10:14 बजे से दोपहर 3:32 बजे तक चलने वाली डाउन स्लो लोकल को माटुंगा-मुलुंड के बीच डाउन फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें सायन, कुर्ला, घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप और मुलुंड स्टेशनों पर रुकेंगी तथा गंतव्य तक करीब 15 मिनट देरी से पहुंचेंगी।
ठाणे से सुबह 11:07 बजे से दोपहर 3:51 बजे तक चलने वाली अप स्लो लोकल को मुलुंड पर अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें निर्धारित स्टेशनों पर रुकने के बाद माटुंगा में फिर अप स्लो लाइन पर आएंगी और करीब 15 मिनट देरी से गंतव्य तक पहुंचेंगी। CSMT से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच आने-जाने वाली लोकल भी लगभग 15 मिनट प्रभावित रहेंगी।
हार्बर लाइन पर CSMT-चुनाभट्टी/बांद्रा के बीच सेवाएं दोपहर 11:40 से शाम 4:40 बजे तक प्रभावित रहेंगी। CSMT से वाशी, बेलापुर, पनवेल तथा बांद्रा/गोरेगांव जाने वाली कई सेवाएं इस अवधि में निलंबित रहेंगी।
ब्लॉक के दौरान पनवेल-कुर्ला के बीच हर 20 मिनट में विशेष ट्रेनें चलेंगी। ठाणे-वाशी/नेरुल, नेरुल/बेलापुर-उरण सेवाएं निर्धारित समय पर चलेंगी। हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मुख्य लाइन और पश्चिम रेलवे से यात्रा की अनुमति रहेगी।
यह भी पढ़ें-



