लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी

खालिस्तानी ग्रुप ने भेजा मेल, जांच में जुटी पुलिस

लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी

Red Fort and Delhi Secretariat received bomb threats

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार दोपहर सुरक्षा एजेंसियों में उस समय हड़कंप मच गया, जब लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस के अनुसार, खालिस्तानी ग्रुप के नाम से एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया, जिसके बाद दोनों परिसरों में तत्काल तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली अग्निशमन दल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियातन लाल किला परिसर को खाली कराया गया और ITO स्थित दिल्ली सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों को भी बाहर निकाल दिया गया। दोनों स्थानों के अंदर और बाहर सघन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ईमेल के जरिए मिली धमकी को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है। साइबर विशेषज्ञ यह भी खंगाल रहे हैं कि संबंधित ग्रुप ने पहले कब-कब इस तरह की धमकियां दी हैं और उसके संभावित संपर्क कहां तक जुड़े हो सकते हैं।

इससे पहले सोमवार सुबह भी राजधानी के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। आर्मी पब्लिक स्कुल, धौला कुआं और एयरफोर्स बाल भारती स्कुल को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली करा लिया गया। जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई।

फिलहाल लाल किला और दिल्ली सचिवालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

राजधानी में एक ही दिन में कई महत्वपूर्ण स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों को मिली धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी है। जांच एजेंसियां ईमेल के डिजिटल फुटप्रिंट और संभावित नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें:

IDFC फर्स्ट बैंक में 590 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी!

ड्यूरंड रेखा के पार भड़की आग: 48 घंटों में पाक व अफगानिस्तान में 31 पख्तून हताहत!

बांग्लादेश सेना में बड़ा फेरबदल; भारत में स्थित रक्षा सलाहकार को वापस बुलाया

Exit mobile version