संसद के मानसून सत्र के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आज लोकसभा में विशेष चर्चा का दूसरा दिन है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दोपहर 12 बजे इस मुद्दे पर सदन को संबोधित करेंगे। सोमवार (28 जुलाई) को चर्चा की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए भारत की आतंक के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति को स्पष्ट रूप से दोहराया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पुष्टि की कि अमित शाह इस विशेष चर्चा में भाग लेंगे और सोमवार को विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देंगे।
इधर राज्यसभा में भी आज से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा शुरू होगी। इसकी शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा की जाएगी, जबकि विदेश मंत्री एस जयशंकर भी चर्चा में भाग लेंगे। कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चर्चा की अगुवाई कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज शाम लगभग 7 बजे लोकसभा या राज्यसभा में से किसी एक सदन को संबोधित कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की रणनीति और उसके अंतरराष्ट्रीय प्रभाव पर विस्तार से चर्चा कर सकते हैं।
हालांकि मंगलवार (29 जुलाई) की सुबह राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी, क्योंकि विपक्ष ने बिहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सदन में हंगामा किया। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में भी मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया और एसआईआर में पारदर्शिता और सत्यापन की मांग को लेकर नारेबाजी की। सोमवार को भी इसी मुद्दे को लेकर संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार बाधित हुई थी। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि बिहार में मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अब जब संसद में इस ऑपरेशन पर व्यापक चर्चा हो रही है, देश की सुरक्षा नीति, आतंकवाद के प्रति रुख और अंतरराष्ट्रीय रिश्तों को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। आज अमित शाह और संभवतः प्रधानमंत्री मोदी का बयान इस बहस को निर्णायक मोड़ दे सकता है।
यह भी पढ़ें:
“भारत का रहने वाला हूं भारत की बात सुनाता हूं!”
निमिषा प्रिया की यमन में फांसी रद्द होने का दावा गलत!
“…इसलिए अगले 20 साल विपक्ष में रहेंगे” अमित शाह का तीख़ा हमला !
ऑपरेशन महादेव: चीनी डिवाइस ने पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड का किया पर्दाफाश!



