भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता नहीं मिलने की वजह से वे देश की अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।
ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का हाल उस बच्चे जैसा है, जिसे मेले में मनपसंद खिलौना नहीं मिलने पर वह रोने लगता है। उन्होंने कहा कि सत्ता सट्टे से नहीं, बल्कि जनता की सेवा से मिलती है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारतीय अर्थव्यवस्था की आलोचना करते हैं और देश की छवि खराब करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल की टिप्पणियों से भारत विरोधी ताकतों और पाकिस्तान को खुशी क्यों मिलती है।
भाजपा सांसद ने अर्थव्यवस्था के आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि भारत की विकास दर 7.1 प्रतिशत है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक, मूडीज तथा एसएंडपी ग्लोबल जैसी संस्थाएं भी भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को स्वीकार कर रही हैं।
उन्होंने दिवाली के दौरान 2.30 लाख करोड़ रुपये के जीएसटी संग्रह और अक्टूबर में सात लाख करोड़ रुपये के कारोबार का भी उल्लेख किया। ठाकुर के मुताबिक, सितंबर तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 785 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि 2024 और 2025 के दौरान 2.60 करोड़ लोग नेट फॉर्मल वर्कफोर्स से जुड़े हैं। बेरोजगारी दर में गिरावट का हवाला देते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया कि देश में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेता लगातार नकारात्मक तस्वीर पेश कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने यूपीए सरकार के दस वर्षों को ‘लॉस्ट डिकेड’ बताते हुए मोदी सरकार के कार्यकाल को ‘गोल्डन डिकेड’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग, सार्वजनिक उपक्रम, स्टार्टअप, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्रों में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
वहीं, पाकिस्तान को लेकर उन्होंने दोहराया कि सीमा पार आतंकवाद बंद होने तक उसके साथ द्विपक्षीय बातचीत संभव नहीं है। भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है।
यह भी पढ़ें-
मां को अंतिम प्रणाम, योगी आदित्यनाथ ने साझा किया भावुक संदेश!
एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल हुआ गैंगस्टर गोल्डी बराड़!



