राजबल्लभ यादव, जो अब राजद से अलग हो चुके हैं, ने हाल ही में राजश्री को लेकर “जर्सी गाय” जैसी टिप्पणी की थी, जिसे लेकर विरोध का सिलसिला शुरू हो गया है।
नवादा में राजद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पूर्व मंत्री और वर्तमान राजद विधायक विभा देवी के पति राजबल्लभ यादव का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने सद्भावना चौक पर नारेबाजी करते हुए उनके पोस्टर भी फाड़ दिए और मुर्दाबाद के नारे लगाए।
राजद जिला अध्यक्ष रेनू सिंह ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व से पहले ऐसी टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। सिंह ने चेतावनी दी कि अगर भविष्य में किसी भी महिला के सम्मान पर चोट की गई तो पार्टी इसी तरह सड़कों पर उतरकर जवाब देगी।
राजद नेताओं का आरोप है कि राजबल्लभ यादव बीजेपी-एनडीए के इशारे पर काम कर रहे हैं और विपक्ष की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि पहले कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और अब तेजस्वी यादव की पत्नी को अपमानित करने की साजिश की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नारी की कोई जात-पात नहीं होती, उनका सम्मान सर्वोपरि है। राजद कार्यकर्ताओं ने साफ किया कि किसी भी तरह का महिला विरोधी बयान समाज में स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसका तीखा विरोध हर स्तर पर जारी रहेगा।
इस विवाद के बाद राजनीतिक माहौल और भी गरमा गया है तथा सभी की निगाहें अब राजबल्लभ यादव की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
भारतीय उत्पादों की बढ़ती मांग से अमेरिकी टैरिफ का असर कम होगा!



