पीडीए रथ यात्रा में बच्चे की मौत पर भाजपा ने की निष्पक्ष जांच की मांग!

वहीं, ग्राम पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाए जाने पर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सरकार का पक्ष रखा।

पीडीए रथ यात्रा में बच्चे की मौत पर भाजपा ने की निष्पक्ष जांच की मांग!

BJP-demands-an-impartial-probe-into-the-death-of-a-child-during-the-PDA-Rath-Yatra

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं के बयानों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने सपा नेता आजम खान, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा और भाजपा नेता के बेटे की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। वहीं, ग्राम पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाए जाने पर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सरकार का पक्ष रखा।

सपा नेता आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजम खान को याद रखना चाहिए कि वह जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान ने संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को ‘लैंड माफिया’ कहा था।

केशव मौर्य ने कहा कि न्यायालय ने उन्हें जमानत दी है और सरकार को न्यायालय के फैसले पर कोई सवाल नहीं उठाना है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश को अब दंगों और गुंडों का प्रदेश नहीं बनने दिया जाएगा।

वहीं, अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा के दौरान भाजपा नेता के बेटे की मौत के मामले में भी केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा की पदयात्रा हो, रथ यात्रा हो या साइकिल यात्रा, उनकी राजनीति में लोगों को नुकसान पहुंचाने और उनकी जान लेने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और निष्पक्ष जांच होगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी आजम खान और समाजवादी पार्टी की विचारधारा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के नेताओं ने भारत माता के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और डॉ. भीमराव अंबेडकर को ‘लैंड माफिया’ कहा।

इस तरह के बयान उनकी मानसिकता को दर्शाते हैं। उन्होंने सपा पर गुंडों और माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। आम जनता ने गुंडों और माफियाओं को पूरी तरह नकार दिया है।

सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि गठबंधन के बारे में संबंधित दलों को ही जानकारी होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने सभी गठबंधनों को खारिज कर भाजपा को अपना समर्थन दिया है।

पीडीए रथ यात्रा के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत पर ब्रजेश पाठक ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं की गतिविधियों के कारण आम लोगों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। कानून अपना काम करेगा और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, ग्राम पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाए जाने पर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि प्रशासकों की नियुक्ति की छह महीने की अवधि 26 तारीख को पूरी हो रही थी, इसलिए इसे अगले छह महीने के लिए बढ़ाया गया है।

खन्ना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। इस संबंध में पिछड़ा वर्ग आयोग ने अभी तक अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है।

यदि रिपोर्ट समय पर आ गई होती, तो स्थिति अलग हो सकती थी। फिलहाल मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कार्यकाल बढ़ाने का फैसला लिया गया है। आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
एफटीए से निर्यात बढ़ाने पर जोर, भारत बने वैश्विक बाजार का केंद्र!  
शादी सीजन में देशभर में 7.5 लाख करोड़ रुपये कारोबार अनुमान!
Exit mobile version