उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश में व्यापक बदलाव हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं ने जनता का विश्वास जीता है जबकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है।
उन्होंने कहा कि यूपी की जनता को पता है कौन उनके हित में काम कर सकता है इसीलिए वो फिर से एनडीए की सरकार वापस ला रहे हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी जुटाएंगे।
जनगणना के दौरान हर व्यक्ति से लगभग कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की ओर से इस चरण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जनगणना में शामिल होना अनिवार्य होगा जबकि जाति बताना वैकल्पिक रखा गया है। पूरी प्रक्रिया 4 जनवरी तक संपन्न करने का लक्ष्य है।
