चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु में दोपहर 3 बजे तक लगभग 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत जारी मतदान में मतदाताओं का उत्साह सबसे अधिक दिखाई दिया। यहां 78.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे ज्यादा प्रतिशत है।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। जिन 16 जिलों में गुरुवार को पहले चरण की वोटिंग हो रही है, उनमें उत्तर बंगाल के कूच बिहार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तरी दिनाजपुर, दक्षिणी दिनाजपुर व मालदा और दक्षिण बंगाल के मुर्शिदाबाद, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में बाकी बची 142 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा।
इसके अलावा, गुजरात के उमरेठ में हो रहे उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 46.66 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, महाराष्ट्र के राहुरी में हो रहे उपचुनाव में 39.60 प्रतिशत और बारामती में हो रहे उपचुनाव में 40.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
गुजरात के उमरेठ उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 37.14 प्रतिशत तक वोटिंग दर्ज की गई। महाराष्ट्र के बारामती उपचुनाव में 31.91 प्रतिशत मत पड़े। महाराष्ट्र के राहुरी उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 29.67 प्रतिशत तक मतदान हुआ।
सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
रक्षा उद्योग प्रतिनिधियों संग राजनाथ मुलाकात, टेक्नोलॉजी सह-विकास सह-उत्पादन पर चर्चा!
