उन्होंने कहा कि पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। सरकार युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के साथ ही उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवाओं के हाथ में दिया जा रहा टैबलेट उनकी पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार की राह आसान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए न करें, बल्कि इसे ज्ञान बढ़ाने और भविष्य बनाने का माध्यम बनाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने पर 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत की गई थी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है, जहां 56 से 60% आबादी युवा वर्ग की है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी को प्रदेश सरकार ने बोझ नहीं बल्कि डेमोग्राफिक डिविडेंड माना है। 2017 से पहले जिन युवाओं के सामने पहचान का संकट था, वे आज गर्व से खुद को उत्तर प्रदेश का निवासी बताते हैं। डबल इंजन की सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर माफियाओं को मिट्टी में मिला दिया है। आज यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा है और सब चंगा है।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 9.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। आठ हजार लेखपालों और 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी हो चुकी है। सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने बताया कि हाल में शिक्षा विभाग के 3,568, पंचायती राज विभाग के 1,375, खेल कोटे के 470, फॉरेंसिक विभाग के 28 वैज्ञानिकों, पुलिस के 4,543 उपनिरीक्षकों और राजस्व विभाग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आज भर्तियां पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से हो रही हैं। नकल माफिया पर शिकंजा कसा गया है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्तियां जब्त की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में माफिया का राज था।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान को भारत की सैन्य ताकत का एहसास कराया। अमेठी में एके-203 राइफल का निर्माण हो रहा है, जबकि उसके पुर्जे कानपुर में बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लखनऊ की एचसीएल इकाई में वर्ष 2017 में केवल 100 कर्मचारी थे जबकि आज 18 हजार युवा काम कर रहे हैं। प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रतिवर्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित से जुड़े दो लाख से अधिक स्नातक तैयार कर रहा है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी कंपनियां युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं। उन्होंने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, स्वामी विवेकानन्द, रानी लक्ष्मीबाई और काकोरी के क्रांतिकारियों का उदाहरण देते हुए युवाओं को बड़े संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 56 से 60 प्रतिशत आबादी युवा है। इसी युवा शक्ति के बल पर उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर देश की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की भी अपील की।



