पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 43 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना शनिवार(25 अप्रैल) तड़के उस समय हुई, जब वह अपनी पत्नी और 10 वर्षीय बेटे के साथ घर लौट रहे थे। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतक की पत्नी पियाली चटर्जी के अनुसार, परिवार रात करीब 1 बजे एक जन्मदिन समारोह से लौट रहा था। उन्होंने बताया “मेरे पति कार चला रहे थे। जैसे ही हम अपने हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंचे, हमारी कार सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल से हल्के से टकरा गई। वहां मौजूद कुछ लोग तुरंत हमारे पास आए और गाड़ी रोक दी। मेरे पति ने उतरकर माफी मांगी, लेकिन वे झगड़ा करने लगे।”
स्थिति को शांत करने के लिए देबदीप ने स्थानीय कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुइतांडी का नाम लेकर उन्हें बुलाने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ता गया। पियाली के मुताबिक, “अचानक युवकों ने मेरे पति को पीटना शुरू कर दिया। मैं और मेरा बेटा हाथ जोड़कर उनसे उन्हें छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन वे लगातार मारते रहे।” उन्होंने बताया कि हमले के दौरान एक आरोपी ने देबदीप को जोर से धक्का दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और सिर टकराने से बेहोश हो गए।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हमलावर सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े लोगों के सहयोगी हैं। हालांकि, स्थानीय पार्षद अनिमेष दास ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा, “मैं शहर से बाहर हूं और मुझे इस घटना की जानकारी नहीं है। आरोपी किसी भी तरह से मेरे या मेरी पार्टी से जुड़े नहीं हैं। पुलिस जांच करेगी।”
घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुइटांडी ने कहा, “देबदीप पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। चुनाव से पहले हर अभियान में हिस्सा लेते थे। उनकी राजनीतिक पहचान के कारण उनकी हत्या की गई।”
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आसनसोल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विस्तृत मामला दर्ज किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ध्रुव दास ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमला हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर हुआ। उन्होंने बताया, “हमने कई सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं और तीन लोगों की पहचान कर ली गई है।”
Asansol, West Bengal: On the death of a man after series of assaults, DCP Dhruba Das says, "… Outside the main gate of the housing complex, the accused killed Debdeep. He was injured, his family members could not find out. They took Debdeep to his home, till today afternoon he… pic.twitter.com/pp20ZKVZBW
— IANS (@ians_india) April 25, 2026
पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्य शुरू में चोट की गंभीरता से अनजान थे और उन्हें घर ले गए थे। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें:
CET परीक्षा से पहले हिंदू छात्रों का जबरन उतरवाया ‘जनेऊ’; नियमों का जबरन उल्लंघन
दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस एयर की फ्लाइट में आग का धुंआ ; आपातकालीन निकासी के दौरान 6 यात्री घायल
