प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई, जहां पर कई फैसलों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए ‘इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम’ (ITMS) भी शामिल है।
आईटीएमएस सिस्टम के जरिए दिल्ली में ट्रैफिक का रियल-टाइम मैनेजमेंट, एआई आधारित ट्रैफिक सिग्नल और तकनीक आधारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस परियोजना को दिल्ली पुलिस लागू करेगी। इसे तीन चरणों में 24 महीने के भीतर लागू किया जाएगा। इसके बाद पांच साल तक सिस्टम के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी होगी।
पहला चरण 12 महीने में लागू होगा। इसके लिए 5 कॉरिडोर को चयन होगा, जहां 250 स्मार्ट सिग्नल स्थापित किए जाएंगे और इसका एक कमांड सेंटर भी होगा। दूसरा चरण और तीसरा चरण क्रमश: छह-छह माह में स्थापित किए जाने की योजना है।
आईटीएमएस एक ऐसा सिस्टम है, जो ट्रैफिक की मौजूदा स्थिति के आधार पर सिग्नल की टाइमिंग को खुद-ब-खुद एडजस्ट करेगा। साथ ही, चिह्नित कॉरिडोर पर अलग-अलग ट्रैफिक सिग्नलों के बीच समन्वय भी किया जाएगा। इस सिस्टम की बदौलत ट्रैफिक सिग्नल पर अनावश्यक हो रही देरी को कम करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें-



