1 करोड़ HPV वैक्सीन डोज का आंकड़ा पार, PM मोदी ने जताई खुशी

निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश भर में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत 1 करोड़ से ज्यादा एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाए जाने की बड़ी सफलता पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वैक्सीन की हर एक खुराक हमारी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह के कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक मजबूत कदम है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में हमारी यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव. हर खुराक लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है. मैं उन सभी हितधारकों की सराहना करता हूं, जिनके प्रयासों से यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है.’


स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपने पोस्ट में कहा, ‘भारत ने HPV वैक्सीन की 1 करोड़ खुराकें लगाने का बड़ा लक्ष्य पूरा कर लिया है, जो इस साल के कुल तय लक्ष्य का करीब 87% है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान’ ने शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है. यह कदम देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण है.’

स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, ‘इस अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों के लिए सालाना करीब 1.15 करोड़ से 1.2 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से लगभग 87 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है. इस अभियान में उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से ज्यादा लड़कियों को टीका लगाकर देश में पहले नंबर पर है. इसके बाद बिहार में 13.70 लाख और गुजरात में 7.75 लाख का नंबर आता है. मंत्रालय ने बताया कि 6 राज्यों ने अपने तय लक्ष्य का 100 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है. इन राज्यों में गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार शामिल हैं.’

 

Exit mobile version