तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित नेता हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद मुद्दे को लेकर रविवार (7 दिसंबर )को एक बड़ी राजनीतिक घोषणा की है। एनडीटीवी से विशेष बातचीत में उन्होंने बताया कि वे 22 दिसंबर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगे और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ गठबंधन करके आगामी बंगाल विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। कबीर ने दावा किया कि मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में आयोजित बाबरी मस्जिद शिलान्यास कार्यक्रम में करीब 8 लाख लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने के बावजूद आयोजन बिना किसी पुलिस मदद के शांतिपूर्ण रहा।
कबीर ने कहा कि देश की कई इंडस्ट्रीज़ और देशभर के मुसलमान उनके साथ हैं। उन्होंने कहा, “भारत में मुसलमानों के पास बहुत पैसा है और वे बाबरी मस्जिद के निर्माण में पूरी मदद करेंगे।” उन्होंने शिलान्यास कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में दान आने का दावा भी किया। बेलडांगा में ईंटें और नकद दान देने वालों की इतनी भीड़ लगी कि NH-12 पर जाम लग गया। दान देने वालों में मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों के लोग अधिक संख्या में शामिल थे।
ग्रामीणों ने मिडिया को बताया कि इस अभियान का असर आगामी चुनावों में टीएमसी के मुस्लिम वोट बैंक पर पड़ सकता है। हुमायूं कबीर ने इस दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा, “मैं बंगाल में भाजपा को सत्ता में नहीं आने दूंगा। तृणमूल भी अगली सरकार नहीं बना पाएगी।” कबीर ने दावा किया कि वे बंगाल की राजनीति में एक “बड़ा गेमचेंजर” बनने जा रहे हैं।
अपनी नई पार्टी के बारे में बात करते हुए कबीर ने कहा कि यह पार्टी मुसलमानों के हितों और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में 135 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे। उन्होंने यह भी कहा, “मैं AIMIM के संपर्क में हूं और उसी के साथ चुनाव लड़ूंगा। मैंने ओवैसी से बात की है।”
शिलान्यास के एक दिन बाद बेलडांगा में दान देने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग ईंटें, नकद राशि और निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे। इससे क्षेत्र में घंटों ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मुद्दा अब सीधे चुनावी राजनीति को प्रभावित करेगा और अल्पसंख्यक वोटों में नई राजनीतिक ध्रुवीकरण देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें:
4 साल के बच्चे का अपहरण कर यौन किया शोषण, पुलिस ने आरोपी रिज़वान को गिरफ्तार किया
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर में हिंदू महिलाओं को ईसाई धर्म में बदलने के प्रयास का आरोप, दो गिरफ्तार
गोवा क्लब अग्निकांड: संकरे रास्ते, भीड़भाड़ वाला डांसफ्लोर और ज्वलनशील संरचना कैसे बनी मौत का जाल



