‘आपके घर में आकर हराया’:अमित शाह का ममता बनर्जी पर तंज

‘आपके घर में आकर हराया’:अमित शाह का ममता बनर्जी पर तंज

'I defeated you at your home': Amit Shah's jibe at Mamata Banerjee

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत और सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बॅनर्जी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। शाह ने कहा कि इस बार ममता बनर्जी को उनके ही गढ़ भवानीपुर में हराया गया है। कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद संबोधन के दौरान अमित शाह ने कहा, “दीदी, इस बार सुवेंदु दा ने आपके घर में आकर आपको हराया है।”

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी अब पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने बंगाल में भाजपा की जीत को केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि एक वैचारिक विजय बताया।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पिछले कई दशकों से बंगाल की संस्कृति और परंपराएं विदेशी विचारधाराओं से प्रभावित रही हैं और अब उन्हें पुनर्जीवित करना भाजपा की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद और कवी गुरु रविंद्रनाथ टैगोर की विरासत को फिर से मजबूत करें। यह जनादेश विनम्रता और कर्तव्य भावना के साथ काम करने की जिम्मेदारी लेकर आया है।”

उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की यह जीत लगभग सौ वर्षों की वैचारिक यात्रा का परिणाम है। भाजपा की राज्य में बढ़ती ताकत का उल्लेख करते हुए शाह ने अनुच्छेद 370 हटाने का भी जिक्र किया। अमित शाह ने कहा, “जब अनुच्छेद 370 हटाया गया था तो पूरे देश में खुशी थी, लेकिन कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी कुछ अधूरा है। जब मैंने पूछा कि क्या बाकी है, तो उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा का झंडा अभी मजबूती से स्थापित नहीं हुआ है।”

उन्होंने आगे कहा कि आज उन्हें विश्वास है कि जहां भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी होंगे, वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व को आशीर्वाद दे रहे होंगे कि उन्होंने पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाया और बंगाल में भाजपा की लंबे समय की आकांक्षा को पूरा किया।

यह भी पढ़ें:

सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल ने चुना नेता

“सोमनाथ मंदिर हमारी संस्कृति के अटूट संकल्प का प्रतीक”

तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ, TVK ने छुआ बहुमत का आंकड़ा

Exit mobile version