अखिलेश यादव के ‘सनातन ही समाजवाद है’ वाले बयान पर जयवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख समय-समय पर अपनी राजनीतिक जरूरतों के अनुसार परिभाषाएं बदलते रहते हैं। अखिलेश यादव को क्षेत्र में जाकर जनता के बीच पसीना बहाने से कोई लेना-देना नहीं है। जनता के सुख-दुख में शामिल होने के बजाय वे केवल सोशल मीडिया चलाने और मनगढ़ंत किस्से-कहानियां पोस्ट कर चर्चा में बने रहने का प्रयास करते हैं।
भाजपा सरकार में दलितों पर अत्याचार होने के अखिलेश यादव के आरोपों को खारिज करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने शासनकाल का रिकॉर्ड भी याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान उत्तर प्रदेश में दलित उत्पीड़न की सबसे अधिक घटनाएं हुई थीं।
बिहार और मध्य प्रदेश में उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सामने आए विरोध पर जयवीर सिंह ने कहा कि टिकट वितरण पूरी तरह पार्टी का आंतरिक विषय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को टिकट मांगने और अपनी बात रखने का अधिकार है।
मौलाना रशीदी द्वारा समय पर लड़कियों की शादी नहीं होने को दुष्कर्म की घटनाओं से जोड़ने वाले बयान पर जयवीर सिंह ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव या विचार हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में समय से पहले विधानसभा चुनाव होने की अटकलों पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी प्रशासनिक और संवैधानिक प्रक्रियाएं निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में निवर्तमान प्रधानों और जिला पंचायत अध्यक्षों के प्रशासक के रूप में कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा वंदे मातरम और जन गण मन को लेकर जारी सलाह पर जयवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का हर निर्णय राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह जिस देश में रहता है, उसकी मिट्टी से प्रेम करे, राष्ट्र के प्रति भावनात्मक जुड़ाव रखे और देश की समृद्धि, सुरक्षा तथा हितों के लिए योगदान दे। यह हर भारतीय का कर्तव्य और जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता पर जयवीर सिंह ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी केवल भारत के नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं। दुनिया के विभिन्न देशों में प्रधानमंत्री मोदी को जो सम्मान और स्वीकार्यता मिल रही है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
वैश्विक विकास का लॉन्च पैड भारत, निवेशकों को मोदी का आमंत्रण!



