अभिनेत्री और सांसद कंगना राणावत ने हाल ही में सार्वजनिक हुई जेफ्री एपस्टीन फाइल्स को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने कहा कि इन दस्तावेज़ों में सामने आए विवरणों ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया और वह इसे पढ़कर विक्षुब्ध महसूस कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि किस तरह अमेरिकी ताकतवर हस्तियां, सेलिब्रिटी और राजनेता युवा महिलाओं और बच्चों को नुकसान पहुंचा सकते हैं, और इसे नैतिक पतन का संकेत बताया।
अमेरिका के न्याय विभाग ने हाल ही में नाबालिगों का यौन शोषण करने वाले अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े जांच दस्तावेज़ों का एक बड़ा हिस्सा सार्वजनिक किया है। इन फाइल्स में 30 लाख से अधिक पन्नों के रिकॉर्ड, 2,000 से ज्यादा वीडियो और लगभग 1.8 लाख तस्वीरें शामिल हैं। इन खुलासों के बाद दुनियाभर में सत्ता, प्रभाव और यौन अपराधों को लेकर बहस तेज हो गई है।
मंगलवार (3 फरवरी)शाम इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कंगना राणावत ने लिखा,“एपस्टीन फाइल्स को देखना और पढ़ना बेहद परेशान करने वाला है। अपराध हर जगह होते हैं, लेकिन जो ये लोग कर रहे थे, वह किसी हाई सोसाइटी फैशन या साम्प्रदाइक प्रथा जैसा लगता है, बल्कि यह किसी दुष्ट, शैतानी, राक्षसी धर्म जैसा प्रतीत होता है। ये सभी रॉकस्टार, सिंगर, मूवी स्टार, राजनेता, मॉडल, फिल्म निर्देशक, जिनके बारे में हम बड़े होते हुए पढ़ते आए हैं, आखिर कैसे ये सभी बेबस युवा महिलाओं और बहुत ही छोटे बच्चों को नुकसान पहुंचाने और मारने के लिए तैयार हो गए?”
कंगना ने आगे कहा कि इन रिपोर्ट्स ने उन्हें मानवता के भविष्य को लेकर निराश और हताश कर दिया है। उन्होंने इसे समाज के मूल्यों में गहरी गिरावट से जोड़ा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा,
“यह मुझे गहराई से दुखी करता है और मानवता के भविष्य को लेकर निराशावादी बना देता है। यह मुझे और भी अधिक यकीन दिलाता है कि भारत की संस्कृति, मूल्य और शरीर से परे जो शाश्वत है, जो सनातन है, वही उस उत्तर का रूप है जिसे दुनिया खोज रही है। देव-दानव, सुर-असुर की हमारी प्राचीन कथाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। राक्षस हावी होंगे और देव उठ खड़े होंगे। आप किस पक्ष में हैं? #harekrishna”

कंगना राणावत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक ओर जहां कुछ लोग उनके विचारों से सहमति जता रहे हैं, वहीं कुछ ने उनके शब्दों को लेकर सवाल भी उठाए हैं।
कामकाज के मोर्चे पर, कंगना राणावत हाल ही में फिल्म इमरजेंसी में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई। यह फिल्म उन्होंने खुद लिखी, निर्देशित और निर्मित की थी, और यह 17 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी।
यह भी पढ़ें:
अमेरिका से व्यापार समझौते के बाद अब भारत की नज़र दुर्लभ खनिजों पर
कोरियन गेमिंग ऐप के प्रभाव तीन बहनों 9 वीं मंजिल से छलांग लगाकर की आत्महत्या
पांच साल में 5,100 से ज्यादा मनी लॉन्ड्रिंग केस, 95% मामलों में सजा



