बिहार में विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (8 नवंबर)को सीतामढ़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि RJD और उसके सहयोगी दल राज्य के युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि एनडीए सरकार उन्हें शिक्षा, तकनीक और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार युवाओं को कंप्यूटर, खेल सुविधाएँ और नई तकनीक दे रही है, जबकि विपक्ष उनसे अवैध हथियारों की बात कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, “ये लोग अपने बच्चों को मुख्यमंत्री, मंत्री और सांसद बनाना चाहते हैं, और आपके बच्चों को रंगदार (गुंडा) बनाना चाहते हैं। बिहार इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा। जंगल राज का मतलब होता है बंदूक, क्रूरता, भ्रष्टाचार और दुश्मनी।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि RJD के कुछ प्रचार गीतों और नारों में ऐसी भाषा और संदेश हैं, जो युवाओं को हिंसा की राह पर ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “RJD के मंच से छोटे-छोटे मासूम बच्चों को रंगदार बनने के नारे लगवाए जा रहे हैं। यह बिहार की पहचान नहीं है।” मोदी ने आगे कहा कि “आज का बिहार उन लोगों के लिए नहीं है जो कहते हैं ‘हैंड्स अप’। बिहार को चाहिए स्टार्टअप्स के सपने देखने वाले युवा।” उन्होंने चुनाव रैली में नया नारा भी दिया, “नई चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार NDA सरकार।”
सीतामढ़ी और आसपास के कई विधानसभा क्षेत्र 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में शामिल हैं।
बिहार में यह चुनाव NDA बनाम INDIA गठबंधन के बीच सीधी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के रूप में देखा जा रहा है।
जहाँ RJD खुद को सामाजिक न्याय और युवाओं की आवाज़ के रूप में प्रस्तुत कर रही है, वहीं एनडीए दावा कर रहा है कि उसने राज्य में कानून व्यवस्था, विकास और निवेश में सुधार किया है।
यह भी पढ़ें:
माली में 5 भारतीयों का अपहरण, देश में अल-कायदा और ISIS से जुड़ी हिंसा के बीच स्थिति तनावपूर्ण
कौन है…अफ्रीकानर जिनके लिए ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन का किया बहिष्कार?
जम्मू-कश्मीर में ‘ऑपरेशन पिम्पल’: सुरक्षा बलों ने 2 आतंकियों को ढेर किया



