सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें नमन करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को जीवन के हर क्षेत्र में आत्मसात करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने नेताजी से मिली दो अहम सीख साझा करते हुए कहा कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना और रिश्तों में आई गलतफहमियों के बावजूद सच्चे मन से उन्हें सुधारने की पहल करने वालों को स्वीकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने नेताजी के समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय-व्यावहारिक मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प दोहराया।
अखिलेश यादव ने कहा कि श्रद्धेय नेताजी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय-व्यावहारिक मूल्यों को और अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात करने तथा जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराते हैं।
उन्होंने नेताजी से मिली दो महत्वपूर्ण सीख साझा करते हुए कहा कि उनकी सबसे सरल सीख थी कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। कोई भी व्यक्ति अगर मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी से उन्होंने यह भी सीखा कि संभव है कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव में आपके खिलाफ हो गया हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर व्यक्ति हमेशा बुरा या खराब ही होता है। इसलिए जब कभी कोई सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्तों को सुधारने के लिए कदम बढ़ाए तो उसका हाथ थामने में पीछे नहीं हटना चाहिए।
सपा अध्यक्ष ने इन विचारों को नेताजी की विरासत और उनके मानवीय दृष्टिकोण से जोड़ते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प व्यक्त किया। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा में हुआ था।
उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उन्हें ‘नेताजी’ के नाम से संबोधित करते थे। वे तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
यह भी पढ़ें-