नई दिल्ली में हुए कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) के सचिव (प्रशासन) पद के चुनाव में भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने अपने ही पार्टी सहयोगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान को शिकस्त देकर एक बार फिर अपनी 25 साल पुरानी पकड़ साबित कर दी।
इस मुकाबले को क्लब के इतिहास के सबसे रोमांचक चुनावों में से एक माना जा रहा है, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से लेकर कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी तक कई दिग्गज नेताओं ने मतदान किया। कुल 707 वोट पड़े और अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत दर्ज हुआ। रूडी ने 102 वोटों के अंतर से जीत हासिल की और उनकी पूरी पैनल ने भी शानदार प्रदर्शन किया।जीत के बाद रूडी ने कहा, “हमारी टीम ने बड़ी जीत हासिल की है।”
पांच बार के सांसद, कमर्शियल पायलट और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे रूडी दो दशक से ज्यादा समय से क्लब के सचिव (प्रशासन) हैं और उनके कार्यकाल में संस्थान को नई दिशा देने का श्रेय उन्हें दिया जाता है। हालांकि, आलोचकों का मानना था कि अब बदलाव की जरूरत है।
दूसरी ओर, उनके प्रतिद्वंद्वी डॉ. संजीव बालियान, जो पेशे से पशु चिकित्सक और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं, ने भी जोरदार प्रचार किया। इस मुकाबले पर पहली बार की भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, “पहली बार भाजपा बनाम भाजपा है, इसलिए यह काफी भ्रमित करने वाला है, खासकर हम जैसे नए लोगों के लिए।”
करीब आठ दशक पुराने संविधान क्लब में मौजूदा और पूर्व सांसद सदस्य होते हैं। सचिव (प्रशासन) पद को छोड़कर बाकी प्रमुख पद निर्विरोध भरे गए, डीएमके सांसद पी. विल्सन सचिव (कोषाध्यक्ष), कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला सचिव (खेल) और डीएमके सांसद तिरुचि शिवा सचिव (संस्कृति) बने।
यह भी पढ़ें:
ट्रंप के बयान के बाद सोने और चांदी के दाम गिरे!
छठ महापर्व को यूनेस्को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू!
मोदी के वाराणसी में एक पिता के 50 बेटों के वोटर कार्ड; कांग्रेस के वोट चोरी का आरोप फिर उधेड़ा !



