सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि जो भी व्यक्ति संविधान की सीमाओं से बाहर जाकर काम करता है, उसे उसके नतीजे भुगतने ही पड़ते हैं, चाहे वह जेएनयू का छात्र हो या किसी आश्रम से जुड़ा व्यक्ति। सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने स्पष्ट किया कि संविधान सभी पर समान रूप से लागू होता है और कोई भी इससे ऊपर नहीं है।
मीडिया से बातचीत में सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि यदि उनके श्रीआनंदम आश्रम में भी कोई असंवैधानिक गतिविधि होती है, तो सिर्फ यह कहकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता कि वे आध्यात्मिक गुरु हैं।
हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों और महान विचारकों ने बहुत पहले ही यह स्थापित कर दिया था कि यह भूमि सनातन परंपराओं से जुड़ी हुई है। भारत की लगभग 140 करोड़ आबादी परंपरा से सनातन मूल्यों से पोषित रही है।
उन्होंने आगे कहा कि श्रीराम कथा, श्रीकृष्ण कथा, हनुमान कथा, शिव महापुराण कथा और देवी भागवत कथा जैसी धार्मिक कथाएं सदियों से चली आ रही हैं और ये लोगों को अपनी पवित्रता, संस्कृति और धर्म से परिचित कराती हैं। इसी क्रम में उनके मन में यह विचार आया कि यदि राष्ट्र सुरक्षित रहेगा, तो ही सब कुछ सुरक्षित रहेगा। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए क्यों न ‘राष्ट्र कथा’ का आयोजन किया जाए, ताकि लोगों को देश के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि ‘राष्ट्र कथा’ के माध्यम से यह बताया जाएगा कि दसवीं शताब्दी से पहले भारत को सोने की चिड़िया क्यों कहा जाता था, किस तरह देश को लूटा गया और कैसे लोगों के मन में हीनभावना भरी गई। उनके अनुसार, यह हीन भावना आज भी बनी हुई है, क्योंकि देश की शिक्षा नीति में अभी तक पूरी तरह बदलाव नहीं हुआ है और आज भी हम काफी हद तक लॉर्ड मैकाले की शिक्षा नीति के प्रभाव में हैं।
सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से यह घोषणा की कि अगले दस वर्षों में मैकाले की शिक्षा नीति को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। ऐसे में ‘राष्ट्र कथा’ छात्रों और आम नागरिकों के लिए बेहद जरूरी है, खासकर उनके लिए जिन्हें अपने देश के इतिहास और गौरव की जानकारी नहीं है।
इंदौर जल त्रासदी और मनरेगा में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा!
