लोकप्रिय टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में अभिरा पोद्दार का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री समृद्धि शुक्ला ने मनोरंजन उद्योग में बढ़ते डिजिटल क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स के प्रभाव पर अपनी स्पष्ट राय रखी है। उन्होंने माना कि आज के दौर में कई बार अनुभवी कलाकारों के मुकाबले इंफ्लुएंसर्स को ज्यादा अवसर मिलते हैं।
समृद्धि ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “इंफ्लुएंसर्स को मौके तो मिलते हैं, लेकिन यह इस पर निर्भर करता है कि वे इन मौकों का उपयोग कितनी कुशलता से करते हैं। अगर कोई इंफ्लुएंसर अभिनय में अच्छा है, तो यह सराहनीय है। लेकिन अगर अभिनय में वह कमज़ोर है, तो शायद उसे दोबारा विचार करना चाहिए। ये एक ट्रेंड है जो आज हम इंडस्ट्री में देख रहे हैं।”
टीवी दर्शकों की पसंद पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीवी पर दर्शक खुद को किरदारों से जोड़ना चाहते हैं, इसलिए कहानी और पात्रों का मेल बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, “आजकल जिन शोज़ को लोग पसंद कर रहे हैं, उनके किरदार ज़मीन से जुड़े हुए और वास्तविक लगते हैं। अगर पात्र कहानी से मेल नहीं खाते, तो दर्शक उसे तुरंत महसूस कर लेते हैं, चाहे वो मुख्य किरदार ही क्यों न हो।”
अभिनय के प्रति अपने जुनून को साझा करते हुए समृद्धि ने बताया कि वह एक ऐसी अभिनेत्री बनना चाहती हैं जो हर जॉनर में खुद को साबित कर सके। थ्रिलर से लेकर रोमांटिक कॉमेडी तक, वह विविध भूमिकाओं के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मुझे थ्रिलर बहुत पसंद हैं और मैं ओटीटी पर थ्रिलर करना चाहती हूं। लेकिन साथ ही मैं रोम-कॉम भी करना चाहूंगी, क्योंकि मुझे कॉमेडी करना भी बहुत अच्छा लगता है।”
वर्तमान में समृद्धि राजन शाही के प्रोडक्शन हाउस ‘डायरेक्टर कुट प्रोडक्शंस’ के अंतर्गत प्रसारित शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं, जहां रोहित पुरोहित उनके सह-कलाकार हैं। यह शो भारतीय टेलीविजन के सबसे लंबे समय तक चलने वाले धारावाहिकों में से एक है और समृद्धि के अभिनय को दर्शकों से सराहना मिल रही है।
यह भी पढ़ें:
केरल जेल से फरार हुआ सौम्या रेप-हत्या का दोषी महज़ कुछ घंटो में गिरफ्तार !
युवती का पीछा कर जबरन होंठ काटने वाला मुहम्मद मारूफ शरीफ गिरफ्तार!
भारत ने सफलतापूर्वक किया ULPGM-V3 का परीक्षण, ड्रोन से लॉन्च होने वाली मिसाइल से बढ़ी सटीकता!



