भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बिहार के पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष की वोटर अधिकार यात्रा को पूरी तरह निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में वही नेता शामिल हो रहे हैं जिन्हें चुनाव में टिकट की तलाश है। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुसैन ने दावा किया कि गठबंधन के दल आपस में ही पोस्टर और बैनर फाड़ रहे हैं।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस यात्रा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव केवल झूठ पर आधारित बातें कर रहे हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह फ्लॉप शो बताया। भाजपा नेता के मुताबिक, शुक्रवार को गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में जुटी विशाल भीड़ इस बात का संकेत है कि इस बार एनडीए दो-तिहाई से भी अधिक बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा।उन्होंने तीखा अंदाज़ अपनाते हुए कहा कि इस बार तो तेजस्वी यादव को विपक्ष के नेता का दर्जा भी नहीं मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के घुसपैठियों संबंधी बयान का समर्थन करते हुए हुसैन ने कहा कि भारत में बहुत से लोग गरीबी रेखा के नीचे हैं, और सरकार उनकी चिंता कर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “जब हमारे भारत के लोग अमेरिका में अवैध रूप से रहते पाए गए, तो उन्हें वापस भेजा गया। हमने भी कई अवैध लोगों को वापस भेजा है।”
उन्होंने सवाल उठाया, “जो बांग्लादेशी यहां रह रहे हैं, क्या वे हमारे देश में मेहमान हैं? सही कागजात लेकर आने वालों को दिक्कत नहीं होगी, लेकिन बांग्लादेशियों के लिए यहां कोई स्थान नहीं है।” हुसैन ने स्पष्ट किया कि भारत का कोई भी नागरिक चाहे किसी भी पूजा पद्धति को मानता हो, उसे कोई परेशानी नहीं है।
राजद के दो विधायकों के पीएम मोदी के मंच पर दिखने को लेकर शाहनवाज हुसैन ने तंज कसा कि यह तो महज शुरुआत है, अब राजद में “पतझड़” आने वाला है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता धीरे-धीरे बिछड़ेंगे। सरकार बनाने के राजद के दावे को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हमेशा यह कहते आए हैं, लेकिन नतीजा शून्य ही रहा। हुसैन के मुताबिक, “झूठ पर आधारित बातें करने से कुछ हासिल नहीं होगा।”
यह भी पढ़ें:
₹2,000 करोड़ फ्रॉड केस: अनिल अंबानी और RCom से जुड़े ठिकानों पर CBI की छापेमारी!
‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाला: राबड़ी देवी पर आरोप तय करने की बहस टली !
ED का छापा: कांग्रेस विधायक के घर से निकली 12 करोड़ नकद और 6 करोड़ की ज्वैलरी!



