कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “कोर्ट जो भी फैसला देगा और चुनाव आयोग जो भी फैसला करेगा। अगर चुनाव आयोग वहां चुनाव कराता है तो भारतीय समाज पार्टी चुनाव जरूर लड़ेगी। वहां सीट खाली हुई है, नियमसंगत भारतीय समाज पार्टी की सीट है और हमारी पार्टी चुनाव लड़ेगी।”
ओमप्रकाश राजभर ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राजभर महाराजा सुहेलदेव के इतिहास को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने कभी स्वीकार नहीं किया। एनडीए सरकार ऐसे महान व्यक्तित्वों के योगदान और विरासत को लोगों के सामने लाने का काम कर रही है।
उन्होंने आगे कहा, “मैं सपा और कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या उन्होंने विशेष राजनीति के कारण सुहेलदेव राजभर के इतिहास को मिटाने का प्रयास नहीं किया? क्यों कांग्रेस ने उनके बारे में किताबों में नहीं बताया? क्यों समाजवादी पार्टी ने सैय्यद सालार मसूद गाजी का मेला लगाया और सुहेलदेव को भुला दिया? मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आखिर सुहेलदेव के देश के लिए किए गए कामों को क्यों भुला दिया गया।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने बहराइच में सुहेलदेव महाराज की प्रतिमा की स्थापना की। जो देश के लिए लड़े, उन्हें सपा और कांग्रेस ने छिपा दिया था। आज देश में सुहेलदेव महाराज और अहिल्याबाई होल्कर की चर्चा हो रही है।



