अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि पंजाब में अब पाकिस्तान की बजाय भाजपा शासित राज्यों से बड़ी मात्रा में नशे की सप्लाई पहुंच रही है। केजरीवाल के मुताबिक, वर्ष 2022 में जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी, उस समय करीब 80 फीसदी ड्रग्स पाकिस्तान से आने का दावा किया जाता था। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने एंटी-ड्रोन सिस्टम समेत कई कदम उठाकर सीमा पार से आने वाली ड्रग्स की सप्लाई पर काफी हद तक नियंत्रण किया है।
उनके अनुसार, अब पाकिस्तान से आने वाली ड्रग्स का हिस्सा घटकर करीब 20 फीसदी रह गया है, जबकि लगभग 80 फीसदी नशा गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे भाजपा शासित या भाजपा के प्रभाव वाले राज्यों से पंजाब पहुंच रहा है। केजरीवाल ने विशेष रूप से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत में आने वाले नशे को रोकने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है।
उनका आरोप है कि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट के रास्ते देश में नशे की खेप पहुंच रही है और इसे रोकने में केंद्र सरकार नाकाम रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि केंद्र सरकार नशे की तस्करी रोकने में सक्षम है तो इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ जो कदम उठाए हैं, उनसे भाजपा को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के बजाय देश में नशे की समस्या को खत्म करने के लिए सभी सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए। उनका कहना था कि यदि पंजाब में नशे की सप्लाई को नियंत्रित किया जा सकता है तो भाजपा शासित राज्यों में भी इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में 80 फीसदी ड्रग्स भाजपा शासित राज्यों से आने का दावा किया जा रहा है।



