आज, जब हम ‘संविधान दिवस’ मना रहे हैं, तो इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘मोदी आर्काइव’ ने ‘एक्स’ पर 2010 की इस विशेष यात्रा से जुड़े पहलुओं को साझा किया है। साल 2010 में, भारत अपने संविधान की 60वीं वर्षगांठ मना रहा था। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने ‘संविधान गौरव यात्रा’ का नेतृत्व किया, जो संविधान को दी गई एक अनूठी और यादगार श्रद्धांजलि थी।
गुजरात के सुरेंद्रनगर में आयोजित यह कार्यक्रम, 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अपनाए जाने की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में था। संविधान के सम्मान में एक सजे हुए हाथी की पीठ पर रखे पारंपरिक आसन में संविधान की एक विशाल प्रति रखी गई थी। नरेंद्र मोदी ने राज्य के मंत्रियों, गणमान्य व्यक्तियों और लगभग 15,000 लोगों के साथ, संविधान के प्रति गहरे सम्मान के भाव से हाथी के साथ-साथ चलकर इस यात्रा का नेतृत्व किया।
‘मोदी आर्काइव’ के अनुसार, इस यात्रा को और भी दिलचस्प बनाने वाली बात इसकी ऐतिहासिक प्रेरणा थी। यह विचार पाटन में राजा सिद्धराज के शासनकाल की सदियों पुरानी परंपरा से प्रेरित था, जब आचार्य हेमचंद्र की ओर से रचित संस्कृत व्याकरण ग्रंथ को हाथी पर रखकर सड़कों पर घुमाया गया था। मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की यह यात्रा भी उसी भावना से प्रेरित थी, जिसका उद्देश्य भारत की सामूहिक चेतना में संविधान को उसका उचित स्थान दिलाना था।
‘मोदी आर्काइव’ ने पोस्ट में कहा कि ‘संविधान गौरव यात्रा’, आज मनाए जाने वाले ‘संविधान दिवस’ की तरह ही, सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं थी, बल्कि यह एक ‘कार्य करने का आह्वान’ थी। नरेंद्र मोदी का उद्देश्य स्पष्ट था कि ‘संविधान के अत्यधिक महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों को इसके मूल मूल्यों के बारे में शिक्षित करना, और उन सिद्धांतों के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराना, जो इस संविधान में निहित हैं।’
‘मोदी आर्काइव’ की ओर से साझा वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा, “हमारे लिए एक ही धर्म है और वो धर्म है, ‘इंडिया फर्स्ट’। हमारे लिए एक ही धर्म ग्रंथ है और वो है ‘भारत का संविधान’।” उन्होंने कहा था, “सत्ताएं आएंगी और जाएंगी।
