पीएम मोदी ने ‘प्राण जाय पर वचन न जाई’ की चर्चा करते हुए कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले के बाद बिहार की ही धरती से आतंकवाद को चेताया था और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उस वचन को निभाने के बाद यहां आया हूँ। उन्होंने महत्ती जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, कितने निर्दोष नागरिक मारे गए।
उन्होंने कहा, “बिहार की धरती पर मैंने कहा था उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। आज जब मैं बिहार आया हूं तो अपने वचन पूरा करने के बाद आया हूं। इन लोगों ने पाकिस्तान में बैठकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में बदल दिया है। ये नया भारत है, ये नए भारत की ताकत है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दुनिया ने देख लिया कि हमारे देश की बेटियों के सिंदूर में क्या शक्तियां होती हैं, देश ने भी देखा, दुनिया ने भी देखा। पाकिस्तान की सेना की छत्रछाया में आतंकी सुरक्षित मानते थे, लेकिन भारतीय सेना ने एक ही झटके में इन्हें घुटने पर ला दिया है। पाकिस्तान के एयरबेस और सैन्य ठिकानों को हमने कुछ ही समय में तबाह कर दिया। यह नया भारत है और नए भारत की ताकत है।
उन्होंने कहा कि बिहार के सैकड़ों नौजवान सुरक्षा के लिए सेना और बीएसएफ में अपनी जवानी खपा देते हैं। देश और दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में बीएसएफ के अभूतपूर्व पराक्रम और अदम्य साहस को देखा है। ये बीएसएफ सीमा पर अभेद चट्टान है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 48,520 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया।
रक्षा क्षेत्र की आत्मनिर्भरता में उत्तर प्रदेश निभा रहा बड़ी भूमिका : पीएम मोदी!
