नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारा गठबंधन पंजाब की माताओं-बहनों, एससी समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है। भाजपा और अकाली सत्ता के लिए बार-बार एक साथ आती हैं और फिर अलग हो जाती हैं।
आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया ने तंज कसते हुए कहा कि दो दल साथ आ रहे हैं या फिर पुराने ड्रग तस्कर साथ आए हैं। जिन्होंने पंजाब को ड्रग्स में डुबाया, वे फिर से हाथ मिला रहे हैं? पंजाब के लोग यह जानते हैं।
उन्होंने आप सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार ने पंजाब के हर घर के लिए काम किया है। स्कूलों, अस्पतालों, नौकरियों किसानों और व्यापारियों के लिए काम किया। पंजाब की जनता को एक दूरदर्शी सोच के साथ एक ईमानदार सरकार दी है। उसी तरह भगवंत मान साहब और आम आदमी पार्टी को सभी संतों का आशीर्वाद मिले और हम पंजाब तथा देश को आगे ले जा सकें।
आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि ऐसा लगता है जैसे दो नशा तस्करों ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। जब दोनों पार्टियों का गठबंधन था, तब पूरे पंजाब के गांवों में नशा और मादक पदार्थ फैला दिए। उन्होंने पंजाब की एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद कर दिया।
पंजाब से आप नेता बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के साथ आने से हमें कोई नई चुनौती नहीं है। आज जो गठबंधन बना है, उसे लेकर कुछ सवाल हैं जो पंजाब की जनता पूछेगी। दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन के दौरान 700 से ज्यादा किसान शहीद हो गए थे।



