उन्होंने कहा कि समाज को जातियों में बांटने वाली राजनीति के बजाय सभी वर्गों को एकजुट कर विकास की राह पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। जाति के जहर से नहीं, बल्कि जमात के विकास की लहर से सशक्त बिहार का निर्माण होगा।
विजय कुमार सिन्हा दीपावली के अवसर पर पटना के नौबतपुर स्थित त्रैतपाली मठ में आयोजित किसान संवाद एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद किया और उनके योगदान की सराहना की।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसान की कोई जाति नहीं होती, वे जमात के पुजारी हैं। किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं। कृषि क्षेत्र को मजबूत किए बिना समृद्ध बिहार की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या सामाजिक पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभा, परिश्रम, क्षमता और योगदान से होनी चाहिए। हर प्रतिभा का सम्मान और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना ही सशक्त बिहार के निर्माण का आधार है।
उन्होंने कहा कि देश में अब तुष्टीकरण की राजनीति नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण की राजनीति से विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। तुष्टीकरण समाज को बांटता है, जबकि संतुष्टिकरण प्रत्येक व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का माध्यम है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उसे सम्मानजनक जीवन का अवसर देना है।



