पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के आगामी खिलाड़ी ऑक्शन को लेकर आधिकारिक पंजीकरण सूची में युवा क्रिकेटर अग्नि देव चोपड़ा का नाम विदेशी खिलाड़ी के रूप में दर्ज पाया गया। अग्नि चोपड़ा, शिकारा और 12TH फेल जैसी फिल्मों के प्रसिद्ध निर्माता विधु विनोद चोपड़ा और ‘धुरंधर’ फिल्म की नकारात्मक समीक्षा के बाद चर्चा में रही समीक्षक अनुपमा चोपड़ा का बेटा हैं। हालांकि, इस सूची के सामने आने के बाद सनसनी मची, जिसके बाद अग्नि चोपड़ा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने PSL ऑक्शन के लिए खुद को पंजीकृत ही नहीं कराया है और ऐसी खबरें झूठी और भ्रामक हैं।
27 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज़ अग्नि चोपड़ा को पीसीबी की सूची में संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। पीसीबी के दस्तावेज़ों के अनुसार, उनकी बेस प्राइस 60,00,000 पाकिस्तानी रुपये (लगभग 19.6 लाख रुपये या 21,520 अमेरिकी डॉलर) तय की गई है। सूची में उन्हें बाएं हाथ का बल्लेबाज़ और दाएं हाथ का ऑफ-स्पिन गेंदबाज़ बताया गया है।
पीसीबी की सूची सामने आने के बाद अग्नि चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी करते हुए कहा, “एक टूर्नामेंट को लेकर मेरे नाम से फेक और भ्रामक रिपोर्ट्स फैलाई जा रही हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैंने PSL के लिए नामांकन नहीं कराया है। मेरा पूरा फोकस अमेरिका में अपनी क्रिकेट यात्रा और अपने दीर्घकालिक करियर लक्ष्यों पर है। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि वे गलत जानकारी का शिकार न हों।” उनकी मां अनुपमा चोपड़ा ने इस इंस्टाग्राम स्टेटस का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा किया।
पीसीबी की ओर से जारी सूची में कुल 879 क्रिकेटरों को ऑक्शन के लिए उपलब्ध बताया गया है, जिनमें 491 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। ये खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका जैसे देशों से हैं। PSL 2026 (सीज़न 11) लीग के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस बार ड्राफ्ट सिस्टम की जगह ऑक्शन फॉर्मेट अपनाया गया है और दो नई फ्रेंचाइज़ी किंग्समेन हैदराबाद और सियालकोट स्टैलियनज़ को जोड़ा गया है। मौजूदा छह टीमें इस्लामाबाद यूनाइटेड, कराची किंग्स, लाहौर कलंदर्स, मुल्तान सुल्तान्स, पेशावर ज़ल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स हैं।
गौरतलब है कि BCCI भारतीय क्रिकेटरों को विदेशी टी-20 लीग में खेलने की अनुमति नहीं देता। हालांकि अग्नि चोपड़ा को PSL सूची में अमेरिकी खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है, क्योंकि उनका जन्म डेट्रॉयट में हुआ था और वे अमेरिकी नागरिक हैं। भारतीय घरेलू क्रिकेट में उन्होंने मिज़ोरम के लिए अंडर-19 स्तर पर खेलते हुए शुरुआत की थी और रणजी ट्रॉफी में अपने पहले चार प्रथम श्रेणी मैचों में शतक लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि 2024 में BCCI द्वारा बिना भारतीय पासपोर्ट वाले खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद उन्हें मिज़ोरम टीम छोड़नी पड़ी।
इसके बाद उन्होंने अमेरिका का रुख किया और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में घरेलू खिलाड़ी के रूप में पात्रता हासिल की। पिछले साल उन्हें MI न्यूयॉर्क ने 50,000 अमेरिकी डॉलर में खरीदा था, जो PCB द्वारा तय की गई बेस प्राइस से कहीं अधिक है। इस पूरे घटनाक्रम ने PSL ऑक्शन प्रक्रिया की पारदर्शिता और खिलाड़ियों की सहमति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पीसीबी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें:
टी20 विश्व कप: यूएसए के खिलाफ भारत की लगातार जीत, ऐतिहासिक रिकॉर्ड!
“टेक्सास के डलास में घूमते हुए ऐसा लगता है जैसे आप पाकिस्तान में हैं”
मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, पांच आतंकी गिरफ्तार, हथियार बरामद!



