ICC पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश आधिकारिक रूप से बाहर हो गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का फैसला लिया है। सूत्रों के अनुसार, आईसीसी ने शनिवार, 24 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को एक पत्र भेजकर इस निर्णय की औपचारिक जानकारी दी।
यह फैसला शुक्रवार, 23 जनवरी को दुबई में हुई ICC की अहम बैठक के बाद लिया गया। बैठक की अध्यक्षता ICC चेयरमैन जय शाह ने की, जिसमें बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर अंतिम निर्णय किया गया। बैठक से पहले बांग्लादेश ने आखिरी प्रयास के तौर पर ICC को पत्र लिखकर मामले को विवाद निवारण समिति (Dispute Resolution Committee) के पास भेजने की मांग की थी। हालांकि, समिति ने स्पष्ट किया कि वह अपील मंच के रूप में काम नहीं कर सकती और आईसीसी के फैसले को ही अंतिम माना जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, ICC ने पहले ही बांग्लादेश को अल्टीमेटम दिया था कि वह तय समयसीमा के भीतर टूर्नामेंट में भागीदारी पर अंतिम निर्णय ले। लेकिन बीसीबी ने खिलाड़ियों के साथ बैठक के बाद गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टी20 विश्व कप के बहिष्कार की घोषणा कर दी। इसके बाद ICC ने नियमों के तहत बांग्लादेश को बाहर कर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का निर्णय लिया।
स्कॉटलैंड इससे पहले पांच बार T20 विश्व कप खेल चुका है और 2022 तथा 2024 के संस्करणों में भी भाग ले चुका है। हालांकि, वे दोनों टूर्नामेंटों में सुपर-8 चरण तक नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन उनके प्रदर्शन को प्रतिस्पर्धी माना गया था। 2024 के विश्व कप में स्कॉटलैंड ने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों को कड़ी चुनौती दी थी।
हालांकि स्कॉटलैंड यूरोपीय क्वालीफायर में इटली, नीदरलैंड और जर्सी से पीछे रहा था, लेकिन ICC रैंकिंग के आधार पर उसे बांग्लादेश के विकल्प के रूप में चुना गया। अब स्कॉटलैंड को ग्रुप C में शामिल किया गया है, जहां वह इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल के साथ खेलेगा।
स्कॉटलैंड अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 9 फरवरी को ईडन गार्डन्स में ही इटली से भिड़ेगा। 14 फरवरी को उसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ उसका अहम मुकाबला होगा, जबकि 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ ग्रुप चरण का आखिरी मैच खेलेगा।
बांग्लादेश के भारत यात्रा से इनकार के पीछे सुरक्षा कारणों को आधिकारिक वजह बताया गया है। हालांकि, क्रिकेट और कूटनीतिक हलकों में यह माना जा रहा है कि भारत और बांग्लादेश के बीच हालिया तनावपूर्ण रिश्ते इस फैसले की पृष्ठभूमि में हैं। बताया जा रहा है कि जब BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स से IPL 2026 के लिए मुस्तफिजुर रहमान को ड्रॉप करने का अनुरोध किया, उसी के बाद स्थिति और बिगड़ी।
ICC ने बांग्लादेश द्वारा उठाए गए सुरक्षा मुद्दों को सीमित बताते हुए मौजूदा कार्यक्रम में बदलाव से इनकार कर दिया, जिसके चलते अंततः बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें:
आवाज़ की पहचान, रिश्तों की मिसाल: कविता कृष्णमूर्ति की प्रेमकथा!
अमेरिका-ग्रीनलैंड विवाद से निवेशक सतर्क, बाजार में अस्थिरता की आशंका!
